हज भवन में जदयू की इफ्तार पार्टी, नीतीश कुमार ने शिरकत कर दिया भाईचारे का संदेश, विजय चौधरी को सीएम ने पहनाई टोपी

पटना के हज भवन में जदयू की भव्य इफ्तार पार्टी। सीएम नीतीश कुमार ने मंत्री विजय चौधरी को पहनाई टोपी, निशांत कुमार की एंट्री ने बढ़ाई हलचल।

हज भवन में जदयू की इफ्तार पार्टी, नीतीश कुमार ने शिरकत कर दि

Patna - : राजधानी पटना के हज भवन में आज जनता दल यूनाइटेड (जदयू) द्वारा भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित पार्टी के कई दिग्गज नेता और मंत्री शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने गंगा-जमुनी तहजीब का परिचय देते हुए बिहार सरकार के वरिष्ठ मंत्री विजय कुमार चौधरी को पारंपरिक टोपी पहनाई, जो चर्चा का केंद्र रहा।

निशांत कुमार की उपस्थिति ने खींचा ध्यान

इफ्तार पार्टी में हाल ही में जदयू का दामन थामने वाले निशांत कुमार ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। निशांत की अहमियत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री जमा खान खुद उन्हें लेने के लिए पहुंचे। जदयू में शामिल होने के बाद किसी बड़े सार्वजनिक और सामाजिक मंच पर निशांत कुमार की यह सक्रिय भागीदारी राजनीतिक गलियारों में खास मानी जा रही है।

दिग्गज नेताओं का लगा जमावड़ा

हज भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में सत्ता पक्ष के कई बड़े चेहरे एक साथ नजर आए। बिहार विधान परिषद के अध्यक्ष अवधेश नारायण सिंह और खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह ने भी इफ्तार में शिरकत की। नेताओं ने एक साथ बैठकर रोजा खोला और प्रदेश में अमन-चैन और तरक्की की दुआ मांगी।

सौहार्द और एकजुटता का मंच

जदयू द्वारा आयोजित इस इफ्तार को आगामी राजनीतिक समीकरणों और सामाजिक एकजुटता के नजरिए से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों से मुलाकात की और रमजान के मुकद्दस महीने की मुबारकबाद दी। पार्टी के कार्यकर्ताओं में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखा गया।

अल्पसंख्यक समाज के बीच पैठ मजबूत करने की कवायद

इस आयोजन के जरिए जदयू ने अल्पसंख्यक समाज के बीच अपनी पकड़ को और मजबूत करने का संदेश दिया है। मंत्री जमा खान और अन्य नेताओं ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इफ्तार के बाद सामूहिक नमाज अदा की गई, जिसमें देश और प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई।

रिपोर्ट - अभिजित सिंह