Congress Working Committee Meeting: कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक शुरु, राहुल गांधी भी मौजूद, आज होगा अहम फैसला, सियासी हलचल तेज

Congress Working Committee Meeting: राहुल गांधी की अध्यक्षता में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक शुरु हो गई है। बैठक में कई अहम फैसले लिए जाएंगे। बता दें कि आजादी के बाद पहली बार बिहार में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक हो रही है।

कांग्रेस

Congress Working Committee Meeting: बिहार में पहली बार चुनावी वर्ष में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बड़ी बैठक आज सदाकत आश्रम में शुरु हो गई है। इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और CWC के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हैं। हालांकि पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, सांसद प्रियंका गांधी बैठक में शामिल नहीं हुई। वहीं बैठक में उन राज्यों के मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, राज्य अध्यक्ष और कई पूर्व केंद्रीय मंत्री भी मौजूद हैं जहाँ कांग्रेस की सरकार है। राहुल गांधी की अध्यक्षता में बैठक शुरु हो गई है। 

बैठक में होंगे कई अहम फैसले 

बैठक को चुनावी वर्ष में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें बिहार से जुड़े कई बड़े निर्णय लिए जाने की संभावना है। जिनमें शिक्षा, बेरोजगारी, पलायन और महिलाओं के लिए योजनाओं से संबंधित अहम फैसले शामिल हो सकते हैं। बैठक के बाद विशेष घोषणा पत्र जारी किया जाएगा। इस दौरान महागठबंधन के घटक दलों के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। जिनमें तेजस्वी यादव और मुकेश साहनी शामिल हैं। 

वहीं दूसरी ओर बैठक में शामिल नेताओं ने पटना पहुंचते ही बड़े बयान दिए। बैठक से पहले कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने पत्रकारों से कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री फेस को लेकर कोई फैसला जीतने के बाद ही सार्वजनिक किया जाएगा। वहीं कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि, यह बैठक लोकतंत्र को बचाने के लिए अहम है। कई मुद्दों पर लंबी चर्चा बैठक में होनी है। उन्होंने बताया कि मीटिंग के अंत में प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस अपने जनाधार को वापस पाने की कोशिश कर रही है। पवन खेड़ा ने राजनीतिक चक्र को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि, जो ऊपर होता है, वो नीचे आता है और जो नीचे है, वो ऊपर जाता है। वहीं तेजस्वी यादव को सीएम फेस घोषित करने के सवाल पर खेड़ा ने कहा कि सूरज को बताने की जरूरत नहीं कि रोज किधर से निकलेगा।  

कांग्रेस देना चाहती है संदेश 

बैठक के जरिए कांग्रेस यह संदेश देना चाहती है कि वह बिहार चुनाव में केंद्र में खुद को रख रही है और कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह भरना चाहती है।इस बैठक में विशेष ध्यान तेलंगाना के CM रेवंत रेड्डी पर भी है। दिसंबर 2023 में रेवंत रेड्डी ने तत्कालीन CM केसीआर पर हमला करते हुए कहा था कि उनका डीएनए तेलंगाना का है, जबकि केसीआर का डीएनए बिहार से जुड़ा है। उन्होंने दावा किया था कि केसीआर की जाति कुरमी है, जिसकी जड़ें बिहार में हैं। यह बयान बिहारियों के बीच विवादित और अपमानजनक माना गया था।