CWC Meeting: बिहार में पहली बार कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक आज, चुनावी साल में होगा बड़ा ऐलान, सियासी हलचल तेज

Congress Working Committee Meeting: बिहार कांग्रेस के लिए आज का दिन अहम है। आजादी के बाद पहली बार आज बिहार में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक होनी है। आज की बैठक में कई बड़े ऐलान हो सकते हैं...

कांग्रेस कार्यालय
कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बड़ी बैठक- फोटो : social media

Congress Working Committee Meeting:  बिहार में पहली बार चुनावी वर्ष में कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बड़ी बैठक आज सदाकत आश्रम में आयोजित की जा रही है। इस बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, सांसद प्रियंका गांधी और CWC के अन्य वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में उन राज्यों के मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, राज्य अध्यक्ष और कई पूर्व केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहेंगे, जहाँ कांग्रेस की सरकार है।

बैठक में होंगे कई अहम फैसले 

बैठक को चुनावी वर्ष में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें बिहार से जुड़े कई बड़े निर्णय लिए जाने की संभावना है। जिनमें शिक्षा, बेरोजगारी, पलायन और महिलाओं के लिए योजनाओं से संबंधित अहम फैसले शामिल हो सकते हैं। बैठक के बाद विशेष घोषणा पत्र जारी किया जाएगा। इस दौरान महागठबंधन के घटक दलों के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। जिनमें तेजस्वी यादव और मुकेश साहनी शामिल हैं।

महागठबंधन का विशेष घोषणा पत्र

बैठक के बाद महागठबंधन के सभी प्रमुख नेता मिलकर विशेष घोषणा पत्र जारी करेंगे। इस घोषणा पत्र समारोह में मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, तेजस्वी यादव, मुकेश साहनी और बाम दल के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। कांग्रेस के सभी बड़े नेता पहले ही पटना पहुंच चुके हैं, जबकि आज राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी पटना पहुंचेंगे। विशेष घोषणा पत्र आज दोपहर 4:00 बजे सदाकत आश्रम में जारी किया जाएगा।

160 प्रतिनिधि होंगे शामिल 

कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में इस बार करीब 160 प्रतिनिधि शामिल होंगे। बैठक में भाग लेने के लिए पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार सहित कई वरिष्ठ नेता पटना पहुंच चुके हैं। वहीं, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी थोड़ी देर में पटना पहुंचेंगे। जिसके बाद बैठक शुरु होगी। 

पटना से नरोत्तम की रिपोर्ट