Bihar News: पटना के पॉश इलाके में अपराधियों का तांडव, महिला से फिर चेन छिनतई, एक हफ्ते में तीसरी घटना से दहशत
Bihar News: बिहार में अपराधिक घटनाएं चरम पर है। अपराधी एक के बाद एक महिलाओं से चेन छिनतई की घटना को अंजाम दे रहे हैं। एक हफ्ते में तीसरी घटना होने से इलाके में दहशत का माहौल है।
Bihar News: राजधानी पटना में त्योहारों के बीच पुलिस के सुरक्षा दावों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ताजा मामला पटना के पॉश इलाके राजेंद्र नगर का है। जहां रामनवमी की धूम के बीच एक महिला से चेन छिनतई की वारदात सामने आई है। घटना 26 मार्च की रात करीब 8 बजे कदमकुआं थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर रोड नंबर 10 स्थित मुक्ति शिला अपार्टमेंट के पास हुई।
महिला से चेन छिनतई
पीड़िता पेशे से नर्स है। जानकारी अनुसार वो बहादुरपुर फ्लाईओवर के नीचे से सब्जी खरीदकर घर लौट रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने पीछा करते हुए उनके गले से करीब 10 ग्राम सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने काला फुलपैंट, सफेद टी-शर्ट और लाल रंग की टोपी पहन रखी थी।
पैदल ही भागा चोर
वारदात को अंजाम देने के बाद वह रोड नंबर 11 की ओर भाग निकला। छिनी गई चेन की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें अपराधी आराम से पैदल भागते हुए नजर आ रहा है। लगातार घट रही घटनाओं से अब महिलाओं में दहशत का माहौल है। महिलाएं घरों से निकलने से बच रही हैं।
एक हफ्ते में तीसरी घटना
गौरतलब है कि कदमकुआं थाना क्षेत्र में बीते एक सप्ताह में यह तीसरी चेन छिनतई की घटना है। लगातार हो रही ऐसी वारदातों से इलाके में खासकर महिलाओं के बीच डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पटना से अनिल की रिपोर्ट