Crime News: डॉक्टर पति से शादी के बाद चलता रहा अफेयर, मौका मिलते ही जेवर-नकदी समेट प्रेमी संग हो गई फुर्र, इश्क के इंजेक्शन से हुआ विवाह का पोस्टमार्टम

Crime News: डॉक्टर साहब के बीबी की मुलाकात एक शादी समारोह में एक युवक से हुई थी और वहीं से इश्क की चिंगारी भड़क उठी। शादी के बाद भी ये गुपचुप कनेक्शन जारी रहा और आखिरकार...

UP Banda New Bride Elopes with Lover
, इश्क के इंजेक्शन से विवाह का पोस्टमार्टम- फोटो : X

Crime News: एक ऐसा इश्क़िया कांड सामने आया है, जिसने रिश्तों की किताब को ही फाड़कर रख दिया। यहां एक पशु चिकित्सक जो जानवरों का इलाज करता था खुद दिल के ज़ख्म का मरीज बन बैठा। वजह? शादी के महज़ एक महीने बाद ही उसकी नई-नवेली बेगम घर की तिजोरी खाली कर अपने आशिक के साथ गायब हो गई।

मामला उत्तर प्रदेश के बांदा के कालिंजर थाना क्षेत्र का है। डॉक्टर साहब की शादी 19 फरवरी को नरैनी इलाके की एक युवती से बड़े अरमानों और रस्मों-रिवाज के साथ हुई थी। शुरुआत के दिन मोहब्बत के गुलाब जैसे लगे हंसी, खुशी, और घर में रौनक। लेकिन जनाब, ये कहानी हकीकत का तमाचा बनकर सामने आई।

डॉक्टर साहब को क्या मालूम था कि उनकी जिंदगी में आई मिसेज दरअसल डबल रोल निभा रही हैं एक तरफ पत्नी, दूसरी तरफ किसी और की माशूका। इधर साहब मरीजों की नब्ज टटोल रहे थे, उधर बेगम दिल की डील पक्की कर रही थीं। घटना वाले दिन डॉक्टर किसी काम से घर से बाहर निकले। बस फिर क्या था इसी मौके को गोल्डन चांस मानते हुए मध्य प्रदेश का रहने वाला रवि पटेल अपने दो साथियों प्रांशू और रोहित के साथ कार लेकर गांव में एंट्री मारता है। प्लान पहले से सेट था। बेगम ने घर में रखे जेवर, नकदी और कीमती सामान समेटा और प्रेमी संग फुर्र हो गईं।

जब डॉक्टर लौटे तो घर का मंजर देख उनके होश उड़ गए। ना बीवी, ना गहने बस सन्नाटा और टूटा भरोसा। मानो शादी नहीं, कोई स्कैम हो गया हो। बेचारे ने पहले इधर-उधर तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो आखिरकार पुलिस की चौखट पर इंसाफ की गुहार लगानी पड़ी।

जांच में जो कहानी बाहर आई, वो और भी फिल्मी निकली। थाना प्रभारी सुखराम सिंह के मुताबिक, आरोपी रवि पटेल का इस युवती से करीब डेढ़ साल पुराना चक्कर था। दोनों की मुलाकात एक शादी समारोह में हुई थी और वहीं से इश्क़ की चिंगारी भड़क उठी। शादी के बाद भी ये गुपचुप कनेक्शन जारी रहा और आखिरकार बेगम ने घर-गृहस्थी को छोड़ इश्क की राह चुन ली।

डॉक्टर की तहरीर पर पुलिस ने रवि पटेल और उसके साथियों के खिलाफ अपहरण समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इन इश्क के फरार खिलाड़ियों की तलाश में जुटी है।इस पूरे कांड ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है क्या आजकल रिश्ते वफादारी से नहीं, बल्कि मौके और मुनाफे से चल रहे हैं? डॉक्टर साहब के लिए ये घटना सिर्फ एक धोखा नहीं, बल्कि जिंदगी का कड़वा सबक बन गई है।  कहते हैं इश्क़ अंधा होता है… मगर यहां तो इश्क ने अक्ल, रिश्ते और जिम्मेदारी तीनों का जनाजा निकाल दिया!