पटना में वाहन चेकिंग के दौरान पकड़ा गया शातिर अपराधी, देशी पिस्तौल और जिंदा कारतूस हुआ बरामद
राजधानी पटना में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस कड़ी में नौबतपुर थाना पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग के दौरान हथियार के साथ एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया गया है......
Patna : राजधानी पटना में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. इसी कड़ी में वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पटना और नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पश्चिमी पटना के निर्देशानुसार पश्चिमी क्षेत्र के विभिन्न थानों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इसी विशेष अभियान के तहत नौबतपुर थाना पुलिस को एक शातिर अपराधी को हथियार के साथ दबोचने में बड़ी कामयाबी हासिल हुई है.
नहर रोड पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार अपराधी दबोचा गया
नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बीती शाम दिनांक 28 जून 2026 को नौबतपुर थाना पुलिस द्वारा नारायणपुर मुसहरी नहर रोड पर बैरिकेडिंग कर सघन वाहन चेकिंग की जा रही था. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया. पुलिस को सामने देख बाइक सवार हड़बड़ाने लगा, जिसके बाद जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेरकर हिरासत में ले लिया.
तलाशी में कमर से मिली देशी पिस्तौल और 04 जिंदा कारतूस
हिरासत में लिए जाने के बाद पुलिस टीम द्वारा मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति की विधिवत और सघन तलाशी ली गई. तलाशी के क्रम में आरोपी के पास से 01 अवैध देशी पिस्तौल और 04 जिंदा कारतूस बरामद किए गए. हथियार के संबंध में जब पुलिस ने वैध कागजात या लाइसेंस की मांग की, तो वह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया.
बिहटा का रहने वाला है गिरफ्तार अभियुक्त मो० नौसाद अंसारी
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान 25 वर्षीय मो० नौसाद अंसारी के रूप में हुई है, जो मो० कलाम अंसारी का पुत्र है. वह पटना जिले के ही बिहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत कन्हौली गांव का निवासी बताया जा रहा है. इस मामले में कार्रवाई करते हुए नौबतपुर थाने में कांड सं०-492/26, दिनांक-28.06.2026, धारा-25(1-बी)ए/26 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है. पुलिस उससे यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह हथियार लेकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने जा रहा था या हथियार की सप्लाई करने आया था.
कार्रवाई में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त, छापेमारी दल को सराहना
पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई के दौरान अभियुक्त के पास से बरामद 01 देशी पिस्तौल और 04 जिंदा कारतूस के अलावा वारदात में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल को भी विधिवत जब्त कर लिया है. इस सफल और त्वरित कार्रवाई को अंजाम देने वाले छापेमारी दल में नौबतपुर थाने के सहायक उपनिरीक्षक (स०अ०नि०) शैलेस, रिजर्व गार्ड के गृह रक्षक राम कुमार पासवान और गृह रक्षक चन्द्रमा कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे.
रंजीत की रिपोर्ट