बिजली बिल से परेशान? ये एक सेटिंग बचाएगी 30 फीसदी तक खर्च, जानिए बचत का असली मंत्र

Bihar Save Electricity: गर्मी का मौसम दस्तक दे चुका है और जैसे-जैसे तापमान बढ़ रहा है, वैसे-वैसे बिजली की डिमांड भी आसमान छू रही है। ऐसे में ....

Cut Power Bills by 30 percent One Setting That Saves Big
बिजली बचत का असली मंत्र- फोटो : X

Bihar  Save Electricity: गर्मी ने दस्तक दे दी है और इसके साथ ही बिजली की डिमांड आसमान छूने लगी है। ऐसे में आम आदमी के लिए सबसे बड़ी टेंशन है बढ़ता हुआ बिजली बिल। लेकिन अब राहत की खबर है! बिजली विभाग के जानकारों ने एक आसान सा फॉर्मूला बताया है अगर आप अपना AC 24 डिग्री पर चलाते हैं, तो ना सिर्फ बिजली बचेगी बल्कि आपकी जेब पर भी कम बोझ पड़ेगा।

अक्सर लोग ज्यादा ठंडक के चक्कर में AC को 18 या 20 डिग्री पर सेट कर देते हैं। इससे कमरे में तो ठंडक मिलती है, लेकिन मीटर तेज रफ्तार से दौड़ने लगता है। नतीजा महीने के अंत में भारी-भरकम बिल! जानकारों के मुताबिक, 24 डिग्री पर AC चलाने से करीब 20 से 30 फीसदी तक बिजली की बचत मुमकिन है। यानी ठंडक भी बरकरार और खर्च भी कंट्रोल में।

एक्सपर्ट्स का कहना है कि 24 डिग्री का टेम्परेचर हमारे शरीर के लिए भी मुनासिब होता है। इससे ना ज्यादा ठंड लगती है, ना ही AC पर ज्यादा लोड पड़ता है। मतलब मशीन की लाइफ बढ़ती है और मेंटेनेंस का खर्च भी कम हो जाता है। छोटा सा बदलाव, लेकिन फायदा बड़ा!

बिजली विभाग की मानें तो अगर ज्यादातर लोग इस आदत को अपनाते हैं, तो पीक टाइम में बिजली की खपत कंट्रोल में रहेगी। इससे बार-बार ट्रिपिंग, लो वोल्टेज और अनचाही कटौती से भी निजात मिल सकती है। यानी पूरे इलाके को मिलेगा स्मूद और बिना रुकावट के पावर सप्लाई।

सिर्फ इतना ही नहीं, कुछ आसान टिप्स भी हैं जो आपकी कूलिंग को और बेहतर बना सकते हैं। जैसे AC की टाइम-टू-टाइम सर्विसिंग कराना, कमरे को अच्छी तरह बंद रखना, गैर-जरूरी उपकरणों को बंद करना और AC के साथ पंखा चलाना। इससे ठंडक जल्दी फैलेगी और बिजली की खपत भी कम होगी।

आखिर में विभाग की अपील साफ है ऊर्जा की बचत को आदत बनाइए। क्योंकि ये सिर्फ आपकी जेब के लिए नहीं, बल्कि माहौल के लिए भी बेहद जरूरी है। आज थोड़ा ध्यान देंगे, तो कल बड़ा फायदा मिलेगा।