Patna Police: दशहरा पर पुलिस का सख्त पहरा, 500 से अधिक जवान तैनात, हुड़दंगियों और बाइकर्स गैंग पर गिरेगी गाज

Patna Police: दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए पटना में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का फुलप्रूफ इंतजाम करने का दावा किया है।

Patna Police
दशहरा पर पुलिस का सख्त पहरा- फोटो : social Media

Patna Police:  दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए दानापुर अनुमंडल में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा का फुलप्रूफ इंतजाम करने का दावा किया है। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए पुलिस लाइन से 500 से अधिक अतिरिक्त जवानों को बुलाकर अनुमंडल के विभिन्न थानों में तैनात किया गया है। संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और पूजा पंडालों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं, सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

एएसपी दानापुर अजीत कुमार ने बताया कि दशहरा के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सभी थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। पुलिस की टीमें लगातार फ्लैग मार्च कर रही हैं और भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पूजा पंडालों पर पुलिस की पैनी नजर, CCTV लगाना अनिवार्य

दशहरा मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पूजा पंडालों की सुरक्षा पर विशेष फोकस किया गया है। पुलिस प्रशासन ने सभी पूजा समितियों को पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। पुलिसकर्मी वर्दी के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी तैनात रहेंगे, ताकि असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर शिकंजा कसा जा सके।

बाइकर्स गैंग और हुड़दंगियों को सख्त चेतावनी

एएसपी अजीत कुमार ने तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों, बाइकर्स गैंग और दशहरा के दौरान हुड़दंग करने वाले तत्वों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की गश्ती टीमों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है।

मेले में बच्चों के साथ बरतें सावधानी, अभिभावकों से खास अपील

दशहरा मेले के दौरान बच्चों के भीड़ में बिछड़ने की आशंका को देखते हुए एएसपी ने अभिभावकों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बच्चों की जेब में परिवार के किसी सदस्य का मोबाइल नंबर और जरूरी पहचान संबंधी जानकारी लिखकर जरूर रखें। इससे बच्चा बिछड़ने की स्थिति में पुलिस को उसके परिजनों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।

अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर

पुलिस प्रशासन ने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और फेक न्यूज से बचने की अपील की है। किसी भी संदेश या सूचना की पुष्टि किए बिना उसे साझा नहीं करने की हिदायत दी गई है। साथ ही, आम लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से दशहरा मनाने, यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है। पुलिस प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि दशहरा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांति व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। त्योहार की आड़ में कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।

हीरेश कुमार