Bihar News: हम नेता ने तेजस्वी यादव सहित इन नेताओं पर किया FIR! फर्जी वीडियो वायरल करने का लगाया आरोप, मचा सियासी बवाल
Bihar News: बिहार में सियासी घमासान जारी है। राजद और हम पार्टी में नया विवाद देखने को मिल रहा है। दरअसल, केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी के सलाहकार दानिश रिजवान ने राजद नेता तेजस्वी यादव और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दानिश रिजवान ने इस मामले में तेजस्वी यादव पर एफआईआर दर्ज करने के लिए आवेदन भी दिया है।
दानिश रिजवान का दावा
उन्होंने दावा किया है कि उनका पुराना वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया, जिससे उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई। दानिश रिजवान ने इस मामले में भोजपुर साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए ई-मेल के जरिए शिकायत भेजी है। उन्होंने इसे एक सुनियोजित साजिश बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

क्या है पूरा मामला
गुरुवार को राष्ट्रीय जनता दल के आधिकारिक एक्स (X) हैंडल से एक वीडियो साझा किया गया, जिसमें दानिश रिजवान कथित रूप से हवाई फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के साथ राजद ने एनडीए सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। वीडियो के वायरल होने के बाद दानिश रिजवान ने सफाई देते हुए कहा कि यह उनका दशकों पुराना वीडियो है, जिसे AI तकनीक के जरिए एडिट कर गलत तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह उनकी छवि धूमिल करने की साजिश है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। आरा सदर के एसडीपीओ को पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो को किसने एडिट किया और किस उद्देश्य से उसे सोशल मीडिया पर फैलाया गया। फिलहाल, पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। इस घटना के बाद बिहार के राजनीतिक गलियारे में बयानबाजी तेज हो गई है और मामला तूल पकड़ता जा रहा है।