सम्राट चौधरी को जान से मारने की धमकी, मुख्यमंत्री बनते ही यहां से आया फोन, शुरू हुई बड़ी कार्रवाई

सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और अब उन्हें जान से मारने की धमकी भरा कॉल आया है.

Death threat to Samrat Chaudhary
Death threat to Samrat Chaudhary - फोटो : news4nation

Samrat Chaudhary:  बिहार के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस मामले में गुजरात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को अहमदाबाद के सानंद इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान शेखर कृष्ण यादव (32) - ( शेखर यादव, पिता – कृष्णा यादव) के रूप में हुई है। वह बिहार के बांका जिले के बेलहर थाना क्षेत्र के खरौंधा गांव का निवासी है और फिलहाल गुजरात के सानंद क्षेत्र में रहकर मजदूरी कर रहा था।


जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने मुख्यमंत्री को फोन कर धमकी दी थी, जिसके बाद बिहार के मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना में मामला दर्ज किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बिहार पुलिस ने गुजरात पुलिस से संपर्क किया और संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की गई। टेक्निकल सर्विलांस के आधार पर आरोपी की लोकेशन सानंद-कड़ी रोड के पास ट्रेस की गई। इसके बाद सानंद पुलिस ने उसे धर दबोचा। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

बताया जा रहा है कि आरोपी सानंद के नजदीक निधराड़ गांव स्थित थार ड्राईपोर्ट कंपनी में जलाराम ट्रांसपोर्ट के वाहन पर काम करता था। गिरफ्तारी के बाद गुजरात पुलिस ने आरोपी को बिहार पुलिस के हवाले कर दिया है। अब उसे बिहार लाया जा रहा है, जहां उससे विस्तृत पूछताछ कर धमकी के पीछे के कारणों की जांच की जाएगी। गौरतलब है कि सम्राट चौधरी ने हाल ही में 15 अप्रैल को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है, ऐसे में यह मामला सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर माना जा रहा है।