बिहार के प्रमुख मंदिरों में खुलेंगी पुलिस चौकियां, DGP विनय कुमार ने बैकुंठधाम मंदिर में पुलिस ओपी का किया शुभारम्भ

DGP विनय कुमार ने कहा कि बिहार के ऐसे सभी प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना जरूरी है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। आने वाले दिनों में बिहार के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी आवश्यकता के अनुसार पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी

Baikunthdham Temple Patna
Baikunthdham Temple Patna - फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने शुक्रवार को पटना जिले के खुसरूपुर थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध श्री गौरीशंकर बैकुंठधाम मंदिर परिसर में नई पुलिस चौकी का शुभारंभ किया। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंदिर परिसर में बेहतर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यहां बैकुंठधाम ओपी की शुरुआत की गई है। 


इस मौके पर DGP विनय कुमार ने कहा कि बिहार के ऐसे सभी प्रमुख मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना जरूरी है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। बैकुंठधाम मंदिर में प्रमुख धार्मिक अवसरों के साथ-साथ रोजाना भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना बिहार पुलिस की प्राथमिकता है।


विनय कुमार ने कहा कि बिहार पुलिस श्रद्धालुओं को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल देने के लिए प्रतिबद्ध है। मंदिर परिसर में पुलिस चौकी की स्थापना से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु बिना किसी चिंता के मंदिर में पूजा-अर्चना कर सकें, यही पुलिस का उद्देश्य है।


प्रमुख मंदिरों में भी खुलेंगी पुलिस चौकियां

DGP ने बताया कि हाल ही में सीतामढ़ी के पुनौरा धाम स्थित सीता मंदिर में भी इसी तरह पुलिस चौकी की स्थापना की गई है। आने वाले दिनों में बिहार के अन्य प्रमुख मंदिरों में भी आवश्यकता के अनुसार पुलिस चौकियां स्थापित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के कारण वहां सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन महत्वपूर्ण हो जाता है। पुलिस चौकियों के माध्यम से न केवल श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी, बल्कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर भी नजर रखी जा सकेगी।


इस दौरान DGP विनय कुमार ने मंदिर में भगवान शिव का विधिवत पूजा-अभिषेक भी किया। कार्यक्रम में आईजी जितेंद्र राणा, पटना एसएसपी कार्तिकेय कुमार समेत जिले के कई वरीय पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।


किराये के मकानों से मुक्त होंगे बिहार के पुलिस थाने

विनय कुमार ने बिहार के पुलिस थानों को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राज्य में अभी जो थाने किराये के मकानों से संचालित हो रहे हैं, उन्हें अपने स्थायी सरकारी भवनों में शिफ्ट करने की दिशा में काम किया जा रहा है। DGP ने कहा कि इसके लिए नए थाना भवनों का निर्माण कराया जा रहा है। आने वाले समय में बिहार के सभी थानों को बेहतर आधारभूत सुविधाओं से लैस करने और पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

रजनीश की रिपोर्ट