Bihar Politics:बाढ़ पर दिलीप जायसवाल का बड़ा बयान, फरक्का में गाद को बताया जलभराव की बड़ी वजह, तेजस्वी पर भी साधा निशाना
Bihar Politics:बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर भाजपा नेता और मंत्री दिलीप जायसवाल ने सरकार के राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर बड़ा बयान दिया है...
Bihar Politics:बिहार में बाढ़ की स्थिति को लेकर भाजपा नेता और मंत्री दिलीप जायसवाल ने सरकार के राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि नेपाल में आई त्रासदी के बीच बिहार सरकार ने सकारात्मक और प्रभावी प्रयास किए, जिसके चलते बिहार को बड़े संकट से बचाने में मदद मिली। हालांकि इसके बाद पुनपुन नदी और गंगा के जलस्तर में भी तेजी से उछाल आया, जिससे कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति गंभीर हुई है।
दिलीप जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लंबे समय से गंगा में जमा होने वाली गाद का मुद्दा उठाते रहे हैं। उनके मुताबिक फरक्का में गेट बंद रहने के कारण गंगा में जगह-जगह गाद जमा होती है और इसके चलते टापू या ऊंचे स्थल बन जाते हैं। इससे नदी के पानी के बहाव में रुकावट पैदा होती है और पानी बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिलने के कारण आसपास के इलाकों में फैल जाता है।
उन्होंने कहा कि फरक्का जलसंधि की समीक्षा और पुनर्विचार की जरूरत है, ताकि गंगा में जमा गाद और जलप्रवाह की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके। उन्होंने बताया कि वर्तमान बाढ़ का सबसे ज्यादा असर भागलपुर और नवगछिया क्षेत्र में देखने को मिल रहा है।मंत्री ने कहा कि सरकार आपदा की इस घड़ी में बेहद संवेदनशीलता के साथ काम कर रही है। प्रभावित इलाकों में राहत पहुंचाई जा रही है और कम्युनिटी किचन के जरिए बाढ़ पीड़ितों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकार अपने स्तर से हरसंभव मदद में जुटी है।
वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर हमला बोलते हुए दिलीप जायसवाल ने कहा कि वे काफी देर से बाढ़ प्रभावित इलाकों में निकले। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब दूसरे नेता जनता के बीच पहुंचने लगे, तब तेजस्वी यादव भी बाहर निकले। जायसवाल ने आरोप लगाया कि तेजस्वी यादव को जनता के दुख-दर्द से कोई मतलब नहीं है और वे घर बैठकर सिर्फ सिद्धांत की बातें करते हुए विपक्ष की भूमिका निभाते हैं।
रिपोर्ट- अभिजीत सिंह