पटना पुलिस की बड़ी कामयाबी: 70 लाख की फिरौती के लिए अपहृत डॉक्टर 24 घंटे में बरामद, 3 गिरफ्तार

पटना पुलिस ने फिरौती के लिए किए गए अपहरण के एक हाई-प्रोफाइल मामले का महज 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर दिया है । पुलिस ने अपहृत डॉ. सर्वेश कुमार तिवारी को समस्तीपुर से सकुशल बरामद करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है ।

पटना पुलिस की बड़ी कामयाबी: 70 लाख की फिरौती के लिए अपहृत डॉ

Patna -  पटना के जानीपुर थाना क्षेत्र से फिरौती के लिए अपहरण किए गए डॉ. सर्वेश कुमार तिवारी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर जिले से सकुशल बरामद कर लिया है । अपराधियों ने परिजनों से 70 लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी । नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर इस कांड का 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया ।

कॉलेज से घर लौटने के दौरान हुआ था अपहरण

घटना 10 फरवरी 2026 की है, जब डॉ. सर्वेश कुमार तिवारी (पिता- ऋषिकेश तिवारी) जानीपुर थानांतर्गत आर्यभट्ट इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग एवं पारा मेडिकल कॉलेज, रामपुर से अपने घर राजीव नगर लौट रहे थे । इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उनका अपहरण कर लिया और उनके परिजनों से मोटी रकम की मांग शुरू कर दी । परिजनों द्वारा आवेदन दिए जाने के बाद जानीपुर थाना में कांड सं0-45/26 दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया ।

समस्तीपुर के मकसूदपुर से हुई सकुशल बरामदगी

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, फुलवारीशरीफ-02 एवं थानाध्यक्ष जानीपुर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया । पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना अंतर्गत ग्राम मकसूदपुर में छापेमारी की । वहाँ से अपहृत डॉ. सर्वेश कुमार तिवारी को सकुशल बरामद कर लिया गया ।

तीन अपराधी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पुलिस ने इस अपहरण कांड में शामिल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जो सभी समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, जिनकी पहचान रविन्द्र प्रसाद सिंह (52 वर्ष), सा०- मकसूदपुर, राकेश कुमार (29 वर्ष), सा०- छतनेश्वर,  मनीष कुमार (24 वर्ष), सा०- कसोर के रूप में की गई है। पकड़े गए अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है ।

रिपोर्ट - अनिल कुमार