बिहार के डॉ. दिवाकर तेजस्वी की बड़ी उपलब्धि, नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑफ एड्स सोसाइटी ऑफ इंडिया’ के 17वें सम्मेलन में चेयरमैन के रूप में आमंत्रण

दो दिवसीय इस राष्ट्रीय सम्मेलन में भारत और विदेश के कई प्रसिद्ध एड्स विशेषज्ञ, चिकित्सक, शोधकर्ता और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि भाग लेंगे।

Dr Diwakar Tejaswi
Dr Diwakar Tejaswi- फोटो : news4nation

Bihar News : पब्लिक अवेयरनेस फॉर हेल्थफुल एप्रोच फॉर लिविंग (पहल) के चिकित्सा निदेशक एवं वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. दिवाकर तेजस्वी को मुंबई में आयोजित होने वाले ‘नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑफ एड्स सोसाइटी ऑफ इंडिया’ (ASICON) के 17वें राष्ट्रीय सम्मेलन में चेयरमैन के रूप में आमंत्रित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मेलन 6 मार्च से 7 मार्च 2026 तक मुंबई में आयोजित होगा।


दो दिवसीय इस राष्ट्रीय सम्मेलन में भारत और विदेश के कई प्रसिद्ध एड्स विशेषज्ञ, चिकित्सक, शोधकर्ता और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन के दौरान एचआईवी/एड्स की रोकथाम, आधुनिक उपचार पद्धतियों, नई दवाओं तथा वैश्विक स्तर पर चल रहे शोध और अनुभवों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। विशेषज्ञ इस दौरान एड्स से जुड़े नवीनतम वैज्ञानिक शोध, उपचार की प्रगति और मरीजों के बेहतर जीवन के लिए अपनाई जा रही नई रणनीतियों को साझा करेंगे।


डॉ. दिवाकर तेजस्वी का इस महत्वपूर्ण सम्मेलन में चेयरमैन के रूप में आमंत्रण बिहार और स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए गौरव की बात माना जा रहा है। वे लंबे समय से एचआईवी/एड्स जागरूकता, उपचार और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके नेतृत्व में ‘पहल’ संस्था द्वारा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।


विशेषज्ञों का कहना है कि आज चिकित्सा विज्ञान में हुई प्रगति के कारण एचआईवी/एड्स का प्रभावी उपचार संभव हो गया है। उचित दवाओं और नियमित चिकित्सकीय देखरेख के माध्यम से एचआईवी संक्रमित व्यक्ति भी सामान्य और स्वस्थ जीवन जी सकता है। इसी उद्देश्य से ऐसे राष्ट्रीय सम्मेलनों का आयोजन किया जाता है, ताकि नई शोध, अनुभव और उपचार पद्धतियों को साझा कर इस बीमारी के खिलाफ लड़ाई को और मजबूत किया जा सके।


डॉ. तेजस्वी के इस सम्मेलन में शामिल होने से बिहार सहित पूरे देश में एड्स के प्रति जागरूकता और बेहतर उपचार व्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।