Bihar News: दिल्ली अब दूर नहीं! बिहार आएगी DTC की बस, इस दिन से शुरु होगा परिचालन, जानिए पूरी खबर
Bihar News: दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने बिहार के लाखों प्रवासियों को बड़ी खुशखबरी दी है। अब दिल्ली परिवहन निगम की बसें बिहार के कई जिलों में आएंगी। बसों के परिचालन को लेकर तैयारी जारी है।
Bihar News: दिल्ली अब दूर नहीं.....जी हां दिल्ली में रहने वाले बिहार के लाखों प्रवासियों और त्योहारों पर घर जाने वाले यात्रियों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर सामने आ रही है। अब दिल्ली से बिहार का सफर न केवल आसान होगा, बल्कि काफी किफायती भी होने जा रहा है। दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (DTC) जल्द ही अपनी बसों का परिचालन बिहार के प्रमुख शहरों के लिए शुरू करने की तैयारी में है। अक्सर देखा जाता है कि होली, छठ और अन्य बड़े मौकों पर ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट और प्राइवेट बसों के मनमाने किराए से आम जनता परेशान रहती है। इसी समस्या को देखते हुए अब सरकारी बस सेवा का विस्तार किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, परिचालन की तारीखें और रूट मैप लगभग तैयार कर लिया गया है, जिससे बिहार के कई जिलों की कनेक्टिविटी सीधे देश की राजधानी से हो जाएगी।
दिल्ली से आना होगा आसान
दरअसल, दिल्ली परिवहन निगम (DTC) ने बिहार समेत 17 अंतरराज्यीय रूटों पर एसी बस सेवा शुरू करने की तैयारी तेज कर दी है। इस पहल का उद्देश्य अंतरराज्यीय कनेक्टिविटी को मजबूत करना और यात्रियों को आरामदायक व किफायती यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है। दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि दिल्ली से बिहार के बीच बस सेवा शुरू करने को लेकर फिजिबिलिटी स्टडी शुरू कर दी गई है। जल्द ही इस संबंध में बिहार सरकार के साथ समझौता (MoU) साइन किया जाएगा।
पूर्वांचल के लोगों के लिए बड़ी राहत
उन्होंने कहा कि राजधानी में बड़ी संख्या में रहने वाले पूर्वांचल के लोगों को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य है कि दिल्ली और बिहार के बीच यात्रा को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाया जा सके। मंत्री के अनुसार, इन बसों का संचालन ‘एसोसिएशन ऑफ स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग्स’ (ASRTU) द्वारा तय मानकों और किराया दरों के आधार पर किया जाएगा।
इन रुटों पर भी शुरु होगा परिचालन
इसके साथ ही, अंतरराज्यीय परिवहन सेवाओं के विस्तार के तहत DTC पहले ही दिल्ली से बड़ौत (उत्तर प्रदेश), सोनीपत, धारूहेड़ा और पानीपत (हरियाणा) जैसे रूटों पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू कर चुका है। आने वाले समय में दिल्ली–गाजियाबाद, दिल्ली–रेवाड़ी, दिल्ली–करनाल, दिल्ली–रोहतक, दिल्ली–अलवर और दिल्ली–जेवर जैसे रूटों पर भी बस सेवाएं शुरू करने की योजना है।
अयोध्या और कटरा जाना भी होगा आसान
सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी जोर दे रही है। इसी कड़ी में दिल्ली से कटरा (वैष्णो देवी), खाटू श्याम और अयोध्या जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के लिए भी नई बस सेवाएं शुरू करने की तैयारी की जा रही है। परिवहन मंत्री ने कहा कि इस पहल से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी के साथ सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।