Bihar News : सीएम नीतीश ने समृद्धि यात्रा के दौरान रोहतास जिले को दी 480 करोड़ रुपये की सौगात, 308 योजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास
Bihar News : समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रोहतास जिले को 480 करोड़ के योजना की सौगात दी है. उन्होंने 308 योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया है.......पढ़िए आगे
PATNA : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में रोहतास जिले में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली और कार्य तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने डेहरी स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, बस्तीपुर के इंटेक वेल निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान सोन नदी में उपलब्ध सतही जल का उपयोग करने हेतु निर्माण कराए जा रहे इंटेक वेल के संबंध में जानकारी ली। सोन नदी में उपलब्ध सतही जल का उपयोग करते हुए सासाराम, डेहरी एवं औरंगाबाद शहरों के लिए शुद्ध पेयजल की आपूर्ति हेतु इंटेक वेल, जल शोधन संयंत्र एवं पाइप लाइन का अधिष्ठापन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने सोन नदी में वीयर निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। साथ ही वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के मॉडल का अवलोकन किया। सोन नदी में वीयर निर्माण के माध्यम से जल को संग्रहित किया जाएगा एवं जल भंडारण सुनिश्चित किया जाएगा। यह भंडारण क्षमता 5 महीने तक पीने के पानी की मांग को पूरा कर सकता है। डेहरी शहर के एमी कट पर सोन नदी में उपलब्ध सतही कच्चे/अशुद्ध पानी को जल शोधन संयंत्र तक पहुंचाने के लिए इंटेक वेल कम पंप हाऊस का निर्माण किया जा रहा है। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के माध्यम से प्रतिदिन शुद्ध पेयजल की आपूर्ति पाइप लाइन के माध्यम से कराते हुए डेहरी, सासाराम और औरंगाबाद शहर को पीने का पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इन सभी प्रोजेक्ट को तेजी से पूर्ण करें ताकि इस क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिल सके। इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने यहीं पर बने कार्यक्रम स्थल से रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर रोहतास जिले के लिए 159 करोड़ रुपये की लागत से 179 योजनाओं का उद्घाटन एवं 321 करोड़ रुपये की लागत से 129 योजनाओं का शिलान्यास किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से जिले में चलाई जा रही विभिन्न विकासात्मक कार्यों की जानकारी ली। इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने रोहतास जिला अंतर्गत पहलेजा करवंदिया रेलवे स्टेशन के बीच निर्माण कार्य, कोचस में आरा-मोहनिया पथ पर बाईपास (12.48 कि०मी०) का निर्माण कार्य, इंद्रपुरी जलाशय के पास डेहरी हाट का निर्माण कार्य, अकबरपुर-अघौड़ा वनपथ में अवस्थित रेहल से रोहतासगढ़ किला होते हुए चौरासन मंदिर तक (15.5 कि०मी० लंबाई) का निर्माण कार्य, डेहरी-तेतरांव-राजपुर पथ (20.4 कि०मी०) के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य आदि के क्रियान्वयन के संबंध में जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जिले में चलाई जा रही सभी योजनाओं को तेजी से पूर्ण करने का निर्देश दिया।
इसके पश्चात् मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकासात्मक कार्य से संबंधित स्टॉलों का निरीक्षण किया। जीविका के स्टॉल के निरीक्षण के दौरान स्वयं सहायता समूह की जीविका दीदियों द्वारा जीविकोपार्जन कार्य से जुड़े हुए विभिन्न गतिविधियों एवं उत्पादों की जानकारी ली। वहां उपस्थित जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि आपने महिलाओं के विकास के लिए काफी काम किया है। हम सभी जीविका दीदियां आपकी कृपा से जीवन में आगे बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप लोग मन लगाकर काम करिए, सरकार पूरी मदद करेगी।
मुख्यमंत्री ने 17,146 जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों को 277 करोड़ 25 लाख रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने शिक्षा विभाग, उद्योग विभाग, कृषि विभाग, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग और समाज कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, देसी गो पालन प्रोत्साहन योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभुकों को सांकेतिक चेक प्रदान किया।
निरीक्षण के दौरान उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री सह रोहतास जिले के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार, पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश, जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, जिलाधिकारी उदिता सिंह, पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।