Bihar News : बक्सर के ‘मनचले’ शिक्षकों को भड़के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, दोनों आरोपी शिक्षकों पर POCSO एक्ट और स्पीडी ट्रायल का दिया आदेश

Bihar News : बक्सर जिले के डुमरांव में छात्राओं के साथ दो शिक्षकों द्वारा किए गए कथित यौन शोषण और अमानवीय कृत्य पर बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है।

Bihar News : बक्सर के ‘मनचले’ शिक्षकों को भड़के शिक्षा मंत्री
शिक्षा मंत्री का आदेश - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बक्सर के डुमरांव प्रखंड की छात्राओं के साथ दो शिक्षकों द्वारा किए गए घृणित कृत्य पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि बच्चियों के साथ अमानवीय व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

शिक्षा मंत्री ने बक्सर के एसपी को स्पष्ट निर्देश दिया है कि दोनों आरोपित शिक्षकों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए। उनके विरुद्ध पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाए। गिरफ्तारी के बाद फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिये स्पीडी ट्रायल कर पूरे मामले की सुनवाई की जाए, ताकि पीड़ित छात्राओं को शीघ्र न्याय मिल सके और आरोपितों को कानून के तहत कड़ी से कड़ी सजा मिले। साथ ही उन्होंने बक्सर के जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि दोनों निलंबित शिक्षकों की बर्खास्तगी का प्रस्ताव अविलंब शिक्षा विभाग को भेजें।

उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति शिक्षक के पवित्र दायित्व पर कलंक लगाता है, वह शिक्षक कहलाने के योग्य नहीं है। ऐसे लोगों के प्रति किसी भी स्तर पर कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। तिवारी ने कहा कि शिक्षक पर अभिभावक भरोसा करते हैं। इस भरोसे को तोड़ने वाले के विरुद्ध कठोरतम कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से छात्र-छात्राओं की सुरक्षा, शिकायतों की त्वरित सुनवाई और संवेदनशील मामलों में कार्रवाई की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने का निर्देश दिया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बच्चों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। छात्र-छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार की शिकायत को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।