शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी का बड़ा एलान : SCERT में खाली पदों पर जल्द होगी भर्ती, BPSC को भेजी जाएगी अधियाचना
बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा है कि SCERT में खाली पदों पर जल्द भर्ती होगी। शिक्षा मंत्री ने कहा है कि वर्ग 1 से 5 तक में हिन्दी के साथ-साथ क्षेत्रिए भाषा में भी पढ़ाई कराई जाएगी.....
Patna : बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा है कि SCERT में खाली पदों पर जल्द भर्ती होगी। दरअसल पटना के विकास भवन स्थित सभागार में मंगलवार को आयोजित राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की समीक्षा बैठक में बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बड़ा निर्णय लिया। उन्होंने घोषणा की कि SCERT में खाली पड़े पदों को जल्द भरा जाएगा और इसके लिए विभाग द्वारा बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को अधियाचना भेजी जाएगी।
कक्षा 1 से 5 में क्षेत्रीय भाषाओं में पढ़ाई, शनिवार को 'नो बैग डे' पर स्वच्छता अभियान
शिक्षा मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देशों के तहत राज्य में पहली से पांचवीं कक्षा तक हिंदी के साथ-साथ भोजपुरी, मगही, मैथिली और अंगिका जैसी क्षेत्रीय भाषाओं में पढ़ाई कराई जाएगी। इसके अलावा, शनिवार को 'नो बैग डे' के अवसर पर स्कूलों में स्वच्छता और हेपेटाइटिस-बी से बचाव का जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि लगभग 2 करोड़ बच्चों के माध्यम से यह संदेश हर परिवार तक पहुंचे। सभी विद्यालयों में 'वंदे मातरम्' और 'जन गण मन' का नियमित गायन अनिवार्य करने के भी निर्देश दिए गए।
अगस्त में पटना में ट्रेनर्स का विशेष प्रशिक्षण, DIET संस्थानों की समीक्षा
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रशिक्षण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से अगस्त माह में पटना में शिक्षक प्रशिक्षकों (Trainers) के लिए एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही शिक्षा मंत्री ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (DIET) की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अन्य राज्यों की SCERT कार्यप्रणाली का अध्ययन करने और विद्यालयों में जाकर जमीनी स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए।
संस्कृत शिक्षा के सशक्तीकरण और कक्षा 6 से 8 के बच्चों के कौशल विकास पर जोर
बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री ने राज्य में संस्कृत शिक्षा की स्थिति पर चिंता जताते हुए इसके सशक्तीकरण पर विशेष जोर दिया, ताकि बिहार के विद्यार्थियों को अपने ही राज्य में गुणवत्तापूर्ण संस्कृत शिक्षा मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने छठी से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के कौशल विकास (Skill Development) पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
गाइड बुक एवं पूरक पुस्तकों का निर्माण, बैठक में वरीय अधिकारी रहे मौजूद
अधिकारियों ने जानकारी दी कि शिक्षकों के व्यावसायिक विकास, कला एवं खेल, पुस्तकालय, ICT लैब और ISM लैब के लिए गाइड बुक्स तथा कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों के लिए पूरक पुस्तकें तैयार की जा चुकी हैं। समीक्षा बैठक में शिक्षा विभाग के विशेष सचिव धर्मेंद्र कुमार और SCERT निदेशक यतेंद्र कुमार पाल सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।