इलाज के दौरान मरीज की मौत पर भड़के परिजन, सड़क पर शव रखकर काटा बवाल

इलाज के दौरान मरीज की मौत पर भड़के परिजन, सड़क पर शव रखकर का

Patna : राजधानी से एक बड़ी खबर सामने आई है। जहां शास्त्री नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजा बाजार शेखपुरा मोड़ के समीप स्थित एक हॉस्पिटल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही परिजनों का धैर्य जवाब दे गया और वे सड़क पर उतर आए। परिजनों ने अस्पताल परिसर के बाहर मुख्य सड़क पर शव को रखकर यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे घंटों तक शेखपुरा मोड़ के पास आवाजाही ठप रही।


क्रिकेट खेलने के दौरान हुआ था जानलेवा हमला 

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले एक मैदान में क्रिकेट खेलने के दौरान मामूली विवाद हुआ था। आरोप है कि इस विवाद के दौरान एक दरोगा के पुत्र और उसके दोस्तों ने विशाल कुमार पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल विशाल को आनन-फानन में हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहां वह जीवन और मौत के बीच जंग लड़ रहा था।


अस्पताल से जबरन शव लेकर सड़क पर उतरे परिजन 

इलाज के क्रम में जैसे ही विशाल की मौत की सूचना परिजनों तक पहुँची, वे उग्र हो गए। परिजनों का आरोप है कि उन्हें न्याय नहीं मिल रहा है और हमलावर खुलेआम घूम रहे हैं। इसी आक्रोश में परिजनों ने अस्पताल से विशाल के शव को लिया और सीधे राजा बाजार की मुख्य सड़क पर उतर आए। सड़क जाम होने के कारण पटना की लाइफलाइन कही जाने वाली इस सड़क पर एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।


मौके पर पहुँची भारी पुलिस बलआक्रोशितों को समझाने की कोशिश 

हंगामे की सूचना मिलते ही शास्त्री नगर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस अधिकारियों ने सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। पुलिस के साथ इस दौरान परिजनों की तीखी नोकझोंक भी हुई। इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है ताकि किसी भी तरह की अनहोनी को टाला जा सके।


पुलिस कार्रवाई और जांच का आश्वासन 

फिलहाल, शास्त्री नगर और फुलवारी शरीफ थाना पुलिस आपसी समन्वय के साथ मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि क्रिकेट विवाद में हुए हमले के आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि कानून अपना काम करेगा और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। समाचार लिखे जाने तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी हुई थी और पुलिस प्रशासन यातायात बहाल कराने के लिए मशक्कत कर रहा था।


अनिल की रिपोर्ट