पालीगंज के माले विधायक संदीप सौरभ पर FIR : BJP नेता नीरज कुमार पर जानलेवा हमला, लूट और धमकी का आरोप
बीजेपी नेता नीरज कुमार ने पालीगंज के माले विधायक संदीप सौरभ और सैकड़ों अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ पटना के सचिवालय थाना में FIR दर्ज कराया है। उन्होंने विधायक संदीप सौरभ अज्ञात उपद्रवियों पर जान से मारने और लूटपाट करने का आरोप लगाया है.....
Patna : राजधानी पटना के सचिवालय थाना में पालीगंज के माले (CPIML) विधायक संदीप सौरभ और सैकड़ों अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। एफआईआर मे भारतीय जनता पार्टी के नेता नीरज कुमार ने विधायक के नेतृत्व में भीड़ द्वारा जानलेवा हमला करने, सोने की चेन व अंगूठी लूटने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
बी.पी. मंडल गोलंबर के पास हुआ हमला
एफआरआर में कहा गया है कि घटना 22 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 2:30 बजे बी.पी. मंडल गोलंबर (देशरत्न मार्ग) के समीप घटी। बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष नीरज कुमार सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव के सरकारी आवास जा रहे थे। इसी दौरान प्रदर्शन कर रहे विधायक संदीप सौरभ की मौजूदगी में उपद्रवियों ने उन्हें घेर लिया और उकसावे के बाद लात-घूंसों, बेल्ट, डंडों व लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा।
15 हजार नगद और सोने के जेवरात लूटने का आरोप
पीड़ित नीरज कुमार के अनुसार, हमले में उनका हेलमेट टूट गया और सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। इस दौरान हमलावरों ने उनकी जेब से 15,000 रुपये नगद, गले की सोने की चेन और हाथ से सोने की दो अंगूठियां भी छीन लीं। घायल अवस्था में वे किसी तरह जान बचाकर अस्पताल पहुंचे।
मुकदमा करने पर जान से मारने की धमकी
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बाद विधायक संदीप सौरभ ने उन्हें धमकी दी कि यदि इस मामले में कोई पुलिस केस या शिकायत की गई तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा। इस धमकी के बाद से पीड़ित और उनका परिवार भयभीत है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि पूरी घटना का वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध है।
सचिवालय थाने में मामला दर्ज, भाजपा नेताओं की मौजूदगी में गिरफ्तारी की मांग
23 जुलाई 2026 को नीरज कुमार ने सचिवालय थाना (पटना) में विधायक और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट, लूट, जानलेवा हमला और आपराधिक धमकी की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कराया। FIR दर्ज कराते समय पटना जिला ग्रामीण भाजपा अध्यक्ष रजनीश कुमार, बिक्रम के पूर्व प्रत्याशी अतुल कुमार, राज कुमार शर्मा, रजनीश तिवारी सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
नरोत्तम की रिपोर्ट