अनंत सिंह के विधानसभा क्षेत्र में मारी गोली, दिनदहाड़े युवक को बनाया निशाना, श्राद्ध कर्म में हो रहा था शामिल

बिहार की राजधानी पटना के बाढ़ अनुमंडल के पंडारख थाना क्षेत्र में हुई गोलीबारी की एक घटना से दहशत फ़ैल गई. यह इलाका मोकामा विधायक अनंत सिंह का निर्वाचन क्षेत्र भी है.

Firing in the area of Mokama MLA Anant singh
Firing in the area of Mokama MLA Anant singh- फोटो : news4nation

Bihar News:  पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत पंडारक थाना क्षेत्र के लेमुआबाद गांव में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक युवक को गोली मारने की घटना सामने आई है। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। घायल युवक की पहचान अमन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अमन गांव में आयोजित एक श्राद्ध कर्म में शामिल हो रहा था। इसी दौरान दो युवक वहां पहुंचे और अचानक उस पर गोली चला दी। गोली अमन की बांह में लगी, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।


घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल अमन को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। एक्स-रे जांच में अमन की बांह में गोली फंसी होने की पुष्टि हुई है। दिनदहाड़े कई लोगों की मौजूदगी में हुई इस गोलीबारी की घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले कार्यक्रम में इस तरह की घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।


वहीं सूचना मिलने के बाद पंडारक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। फिलहाल घटना के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।



अनंत सिंह का विधानसभा क्षेत्र
जिस जगह पर गोलीबारी की घटना हुई है वह मोकामा विधायक अनंत सिंह का इलाका है। पिछले कुछ दिनों के दौरान सियासी रंजिश में मारपीट की दो घटनाओं के कारण इस इलाके में अनंत सिंह के सियासी प्रतिद्वंद्वी सूरजभान सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया था। इस बीच एक बार फिर से इस इलाके में गोली चलने से माहौल गरमा गया है। हालांकि गोली चलने की यह घटना आपसी रंजिश की है या सियासी है इसकी जांच भी जारी है। 

रवि शंकर की रिपोर्ट