नाव हादसे में 7 लोगों की मौत के बाद प्रशासन सख्त : बनारसी घाट से पांच नावें जब्त, नियमों की अनदेखी पर दो नावों को किया नष्ट
पिछले सप्ताह गंगा नदी में हुए एक दर्दनाक नाव हादसे में 7 लोगों की मौत के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है और सुरक्षा मानकों को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही बरतने के मूड में नहीं है...
Patna : बाढ़ थाना अंतर्गत बनारसी घाट पर पुलिस और प्रशासन ने अवैध व नियम विरुद्ध नाव परिचालन के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। बाढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) रामकृष्ण के नेतृत्व में की गई इस छापेमारी में पांच नावों को जब्त किया गया है, जबकि मौके से दो नाविकों को हिरासत में लिया गया है। पिछले सप्ताह गंगा नदी में हुए एक दर्दनाक नाव हादसे में 7 लोगों की मौत के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट पर है और सुरक्षा मानकों को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही बरतने के मूड में नहीं है।
लाइफ जैकेट और लाइसेंस की हो रही थी अनदेखी, नियमों की उड़ी धज्जियां
एसडीपीओ रामकृष्ण ने बताया कि पिछले दिनों हुए हादसे से सबक लेते हुए जिला प्रशासन ने गंगा में नाव चलाने वाले सभी नाविकों के लिए वैध लाइसेंस लेना अनिवार्य कर दिया था। इसके साथ ही यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर हर नाव पर पर्याप्त संख्या में लाइफ जैकेट रखना अनिवार्य किया गया था। हालांकि, रविवार को बनारसी घाट पर जांच के दौरान पाया गया कि पकड़ी गई सभी नावें इन दोनों ही महत्वपूर्ण नियमों की सरेआम अनदेखी कर गंगा में धड़ल्ले से यात्रियों का परिचालन कर रही थीं।
मानकों पर खरा नहीं उतरने वाली दो जर्जर नावें की गईं जमींदोज
सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने और बिना पंजीकरण के अवैध रूप से नाव चलाने के आरोप में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी पांचों नावों को अपने कब्जे में ले लिया। इनमें से दो नावें परिचालन के योग्य नहीं थीं और काफी जर्जर स्थिति में थीं, जिसके कारण किसी संभावित खतरे को टालने के लिए प्रशासन ने मौके पर ही उन दोनों नावों को नष्ट (जमींदोज) कर दिया। इस सख्त कदम से अवैध रूप से नाव का परिचालन करने वाले धंधेबाजों के बीच हड़कंप मच गया है।
हिरासत में लिए गए नाविकों पर दर्ज होगी प्राथमिकी, घाटों पर निगरानी तेज
पुलिस ने मौके से जिन दो नाविकों को हिरासत में लिया है, उनसे पूछताछ की जा रही है और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन तथा अवैध परिचालन के आरोप में उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। एसडीपीओ ने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि अनुमंडल क्षेत्र के किसी भी गंगा घाट पर बिना लाइसेंस और बिना लाइफ जैकेट के नावों का परिचालन नहीं होने दिया जाएगा। यात्रियों की जान जोखिम में डालने वाले नाविकों और नाव मालिकों के खिलाफ आगे भी यह सख्त जांच अभियान जारी रहेगा।
रवि शंकर की रिपोर्ट