Bihar News : मानवता की मिसाल ! पूर्व DGP एस.के. सिंघल की माता ने लिया देहदान का संकल्प, लोगों से की समाज के लिए आगे आने की अपील

Bihar News : मानवता की मिसाल ! पूर्व DGP एस.के. सिंघल की मात

PATNA : समाज में मानवता और सेवा की नई अलख जगाते हुए पूर्व डीजीपी एस.के. सिंघल की माता कृष्णा देवी ने मरणोपरांत अपना संपूर्ण शरीर दान करने का संकल्प लिया है। दधीचि देहदान समिति द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत, उन्होंने अपने आवास पर समिति के पदाधिकारियों को संकल्प पत्र सौंपा। इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए इसे पीड़ित मानवता की सेवा की दिशा में एक बड़ा और साहसिक कदम माना जा रहा है।

कृष्णा देवी ने संकल्प पत्र सौंपते समय प्राचीन भारतीय परंपराओं का स्मरण किया। उन्होंने दधीचि देहदान समिति के पदाधिकारी अरुण सत्यमूर्ति एवं विनीता मिश्रा की उपस्थिति में कहा कि हमें महर्षि दधीचि की महान अंगदान परंपरा को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता है। उन्होंने समाज से अपील की कि लोग आगे आएं और पीड़ित मानवता की सेवा में अपना सक्रिय योगदान दें।

देहदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने भावुक स्वर में कहा कि मृत्यु एक शाश्वत सत्य है और यह सभी के लिए सुनिश्चित है। लेकिन, मृत्यु के पश्चात भी दूसरों के जीवन में प्रकाश फैलाकर अमर होने का सबसे श्रेष्ठ तरीका नेत्रदान और अंगदान ही है। उनके इस निर्णय ने समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरित किया है कि वे शरीर के नश्वर होने के बाद भी किसी के काम आ सकें।

इस अवसर पर दधीचि देहदान समिति के अध्यक्ष गंगा प्रसाद एवं महासचिव पद्मश्री बिमल जैन ने भी लोगों से इस मुहिम से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समिति का लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को नेत्रदान और अंगदान के प्रति जागरूक करना है ताकि अंगों की कमी के कारण किसी की जान न जाए। उन्होंने कहा कि समाज का हर वर्ग यदि इस दिशा में जागरूक हो जाए, तो कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। समिति ने अंत में आम जनमानस से अपील की है कि वे पीड़ित मानवता की सेवा के लिए संकल्पित हों और अंगदान के इस महायज्ञ में अपना हिस्सा बनें। यदि कोई व्यक्ति इस नेक कार्य के लिए संकल्प लेना चाहता है या जानकारी प्राप्त करना चाहता है, तो वह समिति के आधिकारिक संपर्क नंबर 8084053399 पर संपर्क कर सकता है।

वंदना की रिपोर्ट