राजद के पूर्व विधायक अजय यादव को बड़ी राहत, हत्या के मामले में हुए बरी, सजायाफ्ता माँ की हो चुकी है मौत

मामला वर्ष 2013 का है। 26 फरवरी को गया के नीमचक बथानी बाजार में जदयू नेता सुमरीक यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इसी को लेकर राजद के पूर्व विधायक अजय यादव उर्फ रंजीत यादव पर आरोप लगाया गया था

Former RJD MLA Ranjit Yadav
Former RJD MLA Ranjit Yadav - फोटो : news4nation

Ranjeet Yadav :  राजद के पूर्व विधायक अजय यादव उर्फ रंजीत यादव को हत्या से जुड़े एक मामले में बड़ी राहत मिली है। गया जिले के नीमचक बथानी बाजार में वर्ष 2013 में हुए जदयू नेता सुमरीक यादव हत्याकांड में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। करीब 13 साल पुराने इस मामले में अतरी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक अजय यादव उर्फ रंजीत यादव समेत चार आरोपियों को गया सिविल कोर्ट ने साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया है। अदालत ने पूर्व विधायक रंजीत यादव, उनके भाई विवेक यादव, साले पंकज यादव और दीपू यादव को मामले में दोषी ठहराने के लिए पर्याप्त साक्ष्य नहीं पाया। इसके बाद सभी को बाइज्जत बरी कर दिया गया।


26 फरवरी 2013 को हुई थी सुमरीक यादव की हत्या

मामला वर्ष 2013 का है। 26 फरवरी को गया के नीमचक बथानी बाजार में जदयू नेता सुमरीक यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड ने उस समय इलाके में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर काफी हलचल पैदा कर दी थी। मामले की सुनवाई के दौरान कई लोगों के खिलाफ आरोप लगाए गए। इसी केस में पूर्व विधायक कुंती देवी को भी दोषी ठहराया गया था। 23 जनवरी 2021 को विशेष अदालत (ADJ-10) ने कुंती देवी को हत्या का दोषी मानते हुए उम्रकैद और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। हालांकि, सजा काटने के दौरान अप्रैल 2021 में बीमारी और कोरोना संक्रमण के कारण पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) में उनका निधन हो गया था।


रंजीत यादव समेत चार आरोपियों को राहत 

अब इसी मामले में पूर्व विधायक अजय यादव उर्फ रंजीत यादव और तीन अन्य आरोपियों को अदालत से राहत मिली है। अदालत ने सुनवाई के बाद साक्ष्यों के अभाव में उन्हें दोषमुक्त कर दिया। यह फैसला ऐसे समय में आया है जब रंजीत यादव का परिवार लंबे समय से बिहार की राजनीति और आपराधिक मामलों को लेकर चर्चा में रहा है।

राजनीतिक परिवार से आते हैं रंजीत यादव

अजय यादव उर्फ रंजीत यादव अतरी विधानसभा क्षेत्र से राष्ट्रीय जनता दल के विधायक रह चुके हैं। वे एक ऐसे राजनीतिक परिवार से आते हैं, जिसका बिहार की राजनीति में लंबे समय से प्रभाव रहा है। उनके पिता राजेंद्र यादव हत्या के एक मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं और वर्तमान में भागलपुर सेंट्रल जेल में बंद हैं। उनकी मां कुंती देवी भी अतरी से विधायक रह चुकी थीं। कुंती देवी को सुमरीक यादव हत्याकांड में दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी, लेकिन सजा के दौरान ही उनका निधन हो गया।


पूरे परिवार पर मुकदमा

रंजीत यादव का नाम इससे पहले भी आपराधिक मामलों को लेकर चर्चा में रहा है। हाल ही में एक अन्य मामले में उन पर और उनके सहयोगी पर हत्या के प्रयास का आरोप लगा था, जिसमें उन्होंने अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। अब सुमरीक यादव हत्याकांड में अदालत से बरी होने के बाद रंजीत यादव को बड़ी कानूनी राहत मिली है।

रंजीत की रिपोर्ट