बिहार के 18 सहित 301 पुलिस वालों को वीरता पदक, पटना के थानेदार को गैलेंट्री अवार्ड, महिला IPS और IG को राष्ट्रपति पदक

केंद्र सरकार के अनुसार, इस वर्ष 301 कर्मियों को वीरता पदक (Gallantry Medal) प्रदान किए गए हैं। इनमें 272 पुलिसकर्मी और 29 फायर सर्विस के कर्मचारी शामिल हैं। इसमें बिहार के 18 जवान और अधिकारी शामिल हैं.

Gallantry Award
Gallantry Award - फोटो : news4nation

Gallantry award :  स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने देशभर के पुलिस अधिकारियों और जवानों को दिए जाने वाले पुलिस पदकों की घोषणा कर दी। इस बार बिहार पुलिस के 18 अधिकारियों और जवानों को अलग-अलग श्रेणियों में पुलिस पदक के लिए चुना गया है। देशभर में पुलिस, फायर सर्विस, होम गार्ड एवं सिविल डिफेंस और सुधार सेवाओं से जुड़े कुल 1057 कर्मियों को वीरता और सेवा पदकों से सम्मानित किया जाएगा। 


इसमें बिहार पुलिस के जिन 18 अधिकारियों और जवानों का नाम सम्मान की सूची में है उसमें पटना के एक थानेदार को गैलेंट्री अवार्ड दिया जाना शामिल है। इसी तरह बिहार पुलिस से जुडी एक महिला IPS और IG को राष्ट्रपति पदक मिलेगा। 


केंद्र सरकार के अनुसार, इस वर्ष 301 कर्मियों को वीरता पदक (Gallantry Medal) प्रदान किए गए हैं। इनमें 272 पुलिसकर्मी और 29 फायर सर्विस के कर्मचारी शामिल हैं। वीरता पदक पाने वालों में सबसे अधिक 197 कर्मी वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में किए गए साहसिक कार्यों के लिए चुने गए हैं। इसके अलावा 51 कर्मियों को जम्मू-कश्मीर, 12 को पूर्वोत्तर और 41 कर्मियों को देश के अन्य हिस्सों में किए गए वीरतापूर्ण कार्यों के लिए वीरता पदक दिया गया है।


गृह मंत्रालय के मुताबिक, वीरता पदक ऐसे अधिकारियों और कर्मियों को दिया जाता है, जिन्होंने जीवन और संपत्ति की रक्षा करने, अपराध रोकने या अपराधियों को गिरफ्तार करने के दौरान उल्लेखनीय साहस और कर्तव्यपरायणता का परिचय दिया हो।


इस अवसर पर 92 कर्मियों को राष्ट्रपति पदक फॉर डिस्टिंग्विश्ड सर्विस (PSM) से सम्मानित किया गया है। इनमें 83 पुलिस सेवा, 4 फायर सर्विस, 3 सिविल डिफेंस एवं होम गार्ड और 2 सुधार सेवा के कर्मी शामिल हैं। यह पदक सेवा के क्षेत्र में विशेष और उत्कृष्ट रिकॉर्ड के लिए प्रदान किया जाता है।


वहीं, 664 कर्मियों को मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस (MSM) के लिए चुना गया है। इनमें 606 पुलिस, 28 फायर सर्विस, 18 सिविल डिफेंस एवं होम गार्ड और 12 सुधार सेवा के कर्मी शामिल हैं। यह पदक कर्तव्य के प्रति समर्पण और उत्कृष्ट सेवा के लिए दिया जाता है।