Bihar Flood: बिहार में बाढ़ में एयर फोर्स ने संभाला मोर्चा, फरिश्ता बनकर आसमान से की राहत की बारिश, IAF के MI-17 हेलीकॉप्टरों ने पहुंचाई 10 टन सामग्री

Bihar Flood: गंडक नदी के उफान और तटबंधों में टूट के बीच बिहार में बाढ़ का संकट गहराने पर भारतीय वायुसेना ने मोर्चा संभाल लिया...

Gandak Flood IAF Delivers 10 Tonnes of Relief by Helicopters
बाढ़ में एयर फोर्स ने संभाला मोर्चा- फोटो : reporter

Bihar Flood: गंडक नदी के उफान और तटबंधों में टूट के बीच बिहार में बाढ़ का संकट गहराने पर भारतीय वायुसेना ने मोर्चा संभाल लिया। जलजले जैसी बनी हालात में जब कई इलाकों तक सड़क मार्ग से पहुंचना मुश्किल हो गया, तब वायुसेना के एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर राहत का सहारा बने। मध्य वायु कमान के हेलीकॉप्टरों को 2 अक्टूबर को अल्प सूचना पर राहत अभियान के लिए तैनात किया गया और देखते ही देखते आसमान से मदद पहुंचने लगी।

पटना से संचालित इस राहत मुहिम के दौरान वायुसेना के जांबाज दल ने दिनभर लगातार उड़ानें भरकर सारण जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों में जरूरी राहत सामग्री पहुंचाई। चकिया, पृथ्वीपुर, सतजोड़ा, करचोलिया और मकेर समेत प्रभावित क्षेत्रों में करीब 10 टन आवश्यक राहत सामग्री पहुंचाई गई। बाढ़ के पानी से घिरे इन इलाकों में राहत सामग्री की यह खेप प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी मदद साबित हुई।

गंडक का जलस्तर बढ़ने और तटबंधों में टूट के बाद कई इलाकों में हालात बेहद चुनौतीपूर्ण हो गए थे। ऐसे वक्त में वायुसेना ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उन क्षेत्रों तक पहुंच बनाई, जहां सामान्य राहत व्यवस्था के लिए पहुंचना मुश्किल था। हेलीकॉप्टरों के जरिए राहत सामग्री पहुंचाने से आपदा के बीच प्रशासनिक राहत अभियान को भी मजबूती मिली।

इस अभियान के दौरान मौसम की तल्खी, मुश्किल भूभाग और लगातार बदलती परिस्थितियों के बावजूद वायुसेना के दल ने राहत कार्य जारी रखा। आपदा के वक्त आसमान से पहुंची यह मदद बाढ़ की मार झेल रहे लोगों के लिए उम्मीद की किरण बनी।

भारतीय वायुसेना ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि प्राकृतिक आपदा के समय नागरिक प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहना उसकी अहम जिम्मेदारी है। बाढ़ जैसी विकट परिस्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और मानवीय सहायता का यह अभियान उसकी आपदा-राहत क्षमता को भी रेखांकित करता है- “तत्परता से प्रतिक्रिया, सेवा के लिए प्रतिबद्ध—राष्ट्र सर्वोपरि।”

पटना से राजगीर सिंह की रिपोर्ट