Bihar News : एनबीपीडीसीएल की बड़ी पहल, 12 जिलों के बालिका आवासीय विद्यालयों को मिले 72 स्मार्ट टीवी, डिजिटल शिक्षा को मिलेगी रफ्तार
Bihar News : नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने अपनी सामाजिक प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हुए कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत एक सराहनीय कदम उठाया है.......पढ़िए आगे
PATNA : नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को निरंतर सशक्त करते हुए कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण पहल की है। प्रबंध निदेशक राहुल कुमार (भा.प्र.से.) के नेतृत्व में कंपनी द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित बालिका विद्यालय को 72 स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराए गए हैं। इस पहल के लिए 54 लाख रुपये की राशि व्यय की गई है। ज्ञात हो कि यह निर्णय दिनांक 16 मार्च 2026 को आयोजित एनबीपीडीसीएल की 158वीं बोर्ड बैठक में सीएसआर समिति की अनुशंसा पर लिया गया।
राज्य के विभिन्न जिलों से आये विद्यालय प्रतिनिधियों को स्मार्ट टीवी वितरित करते हुए प्रबंध निदेशक राहुल कुमार (भा.प्र.से.) ने कहा कि एनबीपीडीसीएल गुणवत्तापूर्ण एवं विश्वसनीय विद्युत सेवा उपलब्ध कराने के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन के लिए भी समान रूप से प्रतिबद्ध है। कंपनी की सीएसआर पहलों का उद्देश्य शिक्षा, डिजिटल सशक्तिकरण तथा सामाजिक विकास को बढ़ावा देना है, ताकि समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि स्मार्ट टीवी के माध्यम से छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण एवं तकनीक आधारित शिक्षा प्राप्त होगी, जिससे उनके ज्ञान और कौशल का और अधिक विकास होगा। उन्होंने कहा कि यह पहल राज्य में समावेशी विकास को गति देने तथा जनकल्याण के प्रति एनबीपीडीसीएल की प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ करेगी। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि इन स्मार्ट टीवी का उपयोग राज्य के 12 जिलों के पिछड़ा वर्ग बालिका आवासीय (10+2) उच्च विद्यालयों में किया जाएगा।
एनबीपीडीसीएल बोर्ड की स्वीकृत निर्णय के अनुसार, प्रत्येक विद्यालय को 6-6 स्मार्ट टीवी उपलब्ध कराए गए हैं। लाभान्वित होने वाले विद्यालय—अररिया, पूर्णिया, समस्तीपुर, सिवान, गोपालगंज, दरभंगा, किशनगंज, सहरसा, सुपौल, खगड़िया, मधेपुरा एवं बेगूसराय जिलों में अवस्थित हैं। यह पहल विद्यालयों में डिजिटल शिक्षण संसाधनों को सुदृढ़ करने तथा छात्राओं को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।