Bihar School Timing: बिहार में आज से बदली स्कूल की टाइमिंग, अब मॉर्निंग शिफ्ट में चलेंगी क्लास, गर्मी को लेकर सख्त आदेश

Bihar School Timing: बिहार में आज से स्कूलों की टाइमिंग बदल गई है। स्कूलों में मॉर्निंग शिफ्ट में क्लास चलेंगी। बढ़ती गर्मी में बच्चों के स्वस्थ्य को लेकर यह फैसला लिया गया है।

स्कूल टाइमिंग
आज से बदली टाइमिंग - फोटो : social media

Bihar School Timing:  बिहार में बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए शिक्षा विभाग ने बड़ा फैसला लिया है। राज्य के सभी सरकारी विद्यालय आज यानी 6 अप्रैल से मॉर्निंग शिफ्ट में संचालित किए जाएंगे। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशक के हस्ताक्षर से सभी जिलों को आदेश जारी कर दिया गया था। आज से सभी स्कूल मॉर्निंग शिफ्ट में संचालित हो रहे हैं। 

31 मई तक मॉर्निंग शिफ्ट 

दरअसल, जारी आदेश के अनुसार, 6 अप्रैल से 31 मई (ग्रीष्मावकाश से पहले) तक स्कूलों का संचालन सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक होगा। हालांकि छात्रों की छुट्टी 12:20 बजे ही कर दी जाएगी। स्कूलों बच्चों के स्वस्थ्य और गर्मी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। विभाग की ओर से सभी स्कूलों को सख्ती से आदेश का पालन करने को कहा गया है। 

जिलों को दिया गया निर्णय का अधिकार

शिक्षा विभाग ने दो शिफ्ट में चलने वाले विद्यालयों के संचालन को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्णय लेने का अधिकार दिया है। वहीं जिलाधिकारियों को भी यह छूट दी गई है कि वे भीषण गर्मी और लू को ध्यान में रखते हुए अपने स्तर पर स्कूल संचालन के समय में बदलाव कर सकते हैं।

मिड-डे मील को लेकर खास व्यवस्था

जिन स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों की संख्या अधिक है और एक साथ मध्याह्न भोजन कराना संभव नहीं है, वहां इसे दो चरणों में कराने का निर्देश दिया गया है। प्रधानाध्यापक वर्ग और सेक्शन के अनुसार छात्रों को बांटकर आधे बच्चों को मध्यांतर में और बाकी को तीसरी-चौथी घंटी में भोजन कराएंगे। इस दौरान जिन छात्रों का भोजन नहीं होगा, उनके लिए पढ़ाई जारी रहेगी।

गर्मी को देखते हुए लिया गया फैसला

सरकार ने यह निर्णय राज्य में बढ़ती गर्मी, उमस और संभावित लू के खतरे को देखते हुए लिया है, ताकि बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर न पड़े। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है, ऐसे में यह बदलाव छात्रों के लिए राहत भरा कदम साबित होगा।