अनुग्रह बाबू की जयंती पर राज्यपाल-मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि, जानिए बिहार के पहले उप मुख्यमंत्री को क्यों मिली बिहार विभूति की उपाधि
बिहार के प्रथम उप मुख्यमंत्री और राज्य के वित्त मंत्री रहे डॉ० अनुग्रह नारायण सिंह की जयंती पर उन्हें राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सहित अन्य गणमान्य जनों ने श्रद्धांजलि अर्पित की.

Bihar News: बिहार विभूति स्व० डॉ० अनुग्रह नारायण सिंह की जयंती पर बुधवार को राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। बिहार विधानमंडल परिसर स्थित डॉ० अनुग्रह नारायण सिंह जी की आदमकद प्रतिमा पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शत्-शत् नमन किया।
कौन थे अनुग्रह बाबू
"बिहार विभूति" अनुग्रह नारायण सिंह, जिन्हें "बाबू साहब" के नाम से भी जाना जाता है, एक भारतीय स्वतंत्रता सेनानी और राजनेता थे, जो आधुनिक बिहार के निर्माताओं में से एक थे। वे 1946 से 1957 तक बिहार के पहले उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री रहे। वे भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में महात्मा गांधी के साथ सक्रिय रूप से शामिल थे और बिहार में गांधीवादी आंदोलन का नेतृत्व करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें आधुनिक बिहार के निर्माताओं में से एक माना जाता है, जिन्होंने राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री
वे बिहार के पहले उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री थे, और 1946 से 1957 तक इस पद पर रहे। वे भारत की संविधान सभा के सदस्य भी थे, जिसने भारत का संविधान लिखा। वे गांधीवादी विचारधारा में दृढ़ विश्वास रखते थे और गांधीजी के करीबी सहयोगी थे। उन्हें "बिहार विभूति" के रूप में जाना जाता था, जो उनके असाधारण योगदान और प्रभाव को दर्शाता है।
इन्होने दी श्रद्धाजलि
इस अवसर पर बिहार विधानसभा के अध्यक्ष नन्द किशोर यादव, बिहार विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेशी सिंह, विधान पार्षद संजय सिंह, पूर्व सांसद रामकृपाल यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ० एस० सिद्धार्थ, बिहार राज्य नागरिक परिषद् के पूर्व महासचिव अरविंद कुमार उर्फ़ छोटू सिंह, बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य शिवशंकर निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य व्यक्तियों ने भी बिहार विभूति डॉ० अनुग्रह नारायण सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर सूचना एवं जन-सम्पर्क विभाग के कलाकारों द्वारा आरती पूजन, बिहार गीत एवं देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया गया।