रामनरेश राय मर्डर केस: STF और दानापुर पुलिस का बड़ा एक्शन, सगुना गोलंबर से 2 शूटर दबोचे गए
हाजीपुर के चर्चित ठेकेदार रामनरेश राय हत्याकांड में एसटीएफ और दानापुर पुलिस ने सगुना गोलंबर के पास से कुख्यात शूटरों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार दोनों कि पहचान बिदुपुर निवासी रमेश राय और बलुआ कुंवारी निवासी आदित्य कुमार उर्फ ढोलू के रूप में हुई
दानापुर पुलिस और बिहार एसटीएफ की संयुक्त टीम ने हाजीपुर के चर्चित ठेकेदार रामनरेश राय हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दानापुर इलाके के सगुना गोलंबर के पास से दो कुख्यात शूटरों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिदुपुर निवासी रमेश राय और बलुआ कुंवारी निवासी आदित्य कुमार उर्फ ढोलू के रूप में हुई है।
मॉर्निंग वॉक के दौरान हुई थी हत्या
यह पूरा मामला पिछले सप्ताह हाजीपुर में हुई एक सनसनीखेज वारदात से जुड़ा है, जहाँ ठेकेदार रामनरेश राय की मॉर्निंग वॉक के दौरान अपराधियों ने अंधाधुंध गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद मृतक की पत्नी के बयान पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के प्राथमिक आरोपी सहदेव राय को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
शूटरों का आपराधिक इतिहास और पुलिस जांच
मुख्य साजिशकर्ता की गिरफ्तारी के बाद पुलिस और एसटीएफ की स्पेशल टीम घटना में शामिल शूटरों और लाइनर की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही थी। जांच में सामने आया है कि पकड़े गए दोनों शूटरों—रमेश राय और आदित्य कुमार—का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है और उन पर कई मामले दर्ज हैं।
मामले की आधिकारिक पुष्टि और पूछताछ
दोनों मुख्य शूटरों की गिरफ्तारी को पुलिस प्रशासन के लिए एक बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस अधिकारियों द्वारा इस गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि किया जाना बाकी है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस दोनों शूटरों को हिरासत में लेकर अज्ञात स्थान पर सघन पूछताछ कर रही है ताकि हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं और लाइनर का पता लगाया जा सके।