Bihar News : बेतिया में नवलपुर थाने पर उपद्रवियों ने बोला धावा, अपहरण की आरोपी महिला को की छुड़ाने की कोशिश, 9 आरोपी हुए गिरफ्तार

Bihar News : पश्चिम चंपारण के नवलपुर थाने पर मंगलवार रात ग्रामीणों की एक उग्र भीड़ ने हमला बोल दिया। हालाँकि पुलिस ने 9 उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है......पढ़िए आगे

Bihar News : बेतिया में नवलपुर थाने पर उपद्रवियों ने बोला धा
थाना पर धावा - फोटो : ASHISH

BETTIAH : एक युवती के अपहरण मामले में चनपटिया थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव से गिरफ्तार किरण देवी को छुड़ाने के लिए मंगलवार की रात ग्रामीणों की भीड़ ने नवलपुर थाने पर धावा बोल दिया। आक्रोशितों की भीड़ ने पकड़ी गई महिला को छुड़ाने के लिए ऑन ड्यूटी पुलिस से मारपीट भी की। हालांकि थाने पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति को तुरंत संभाल लिया। पुलिस ने न सिर्फ ग्रामीणों की धुनाई की बल्कि मौके से नौ लोगों को भी दबोच लिया। पकड़े गए ये सभी ग्रामीण गिरफ्तार महिला किरण देवी के गांव क्षेत्र के बताए जा रहे हैं।

नवलपुर थानाध्यक्ष देवेन्द्र कुमार ने ऑफ द कैमरा बताया कि मामले में एएसआई मितेन्द्र कुमार की शिकायत पर एफआईआर दर्ज करते हुए चनपटिया थाना क्षेत्र के राजू कुमार (20),अनुपम कुमार (25),टिकुलिया के प्रकाश कुमार (23), कैथवलिया के नितेश कुमार (18),लगुनाहा के रामनारायण कुमार (19), मनीष कुमार (25), नवलपुर के रवि कुमार (25), नवनीत कुमार (22) एवं मुफ्फसिल थाना बेतिया के आईटीआई निवासी बलिराम कुमार (24) को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वही दर्जन भर लोगों को इस कांड में अप्राथमिकी अभियुक्त भी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपितों ने ऑन ड्यूटी पुलिस के साथ दुर्व्यवहार धक्का-मुक्की गाली गलौज मारपीट एवं हाथापाई की है। इतना ही नहीं उनलोगों ने सरकारी कार्य में बाधा भी पहुंचाया है। फरार अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। घटनाक्रम के बावत एफआईआर में पुलिस ने बताया है कि 5 जनवरी को नवलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से शादी की नीयत से नाबालिग लड़की को अगवा कर लिया गया था। 

इस कांड की अप्राथमिकी अभियुक्त किरण देवी को मंगलवार को चनपटिया थाना क्षेत्र के कैथवलिया गांव से नवलपुर थाने की एसआई एकता कुमारी व अन्य पुलिस टीम ने पकड़ी थी। जिसके बाद मंगलवार की रात पहले दो व्यक्ति नवलपुर थाना आए और गिरफ्तार महिला के संबंध में उग्र होकर पूछताछ करने लगे। पुलिस ने समझाया लेकिन ये नहीं समझ सके। बाद में 15 से 20 व्यक्तियों का उग्र समूह थाना पर धावा बोल दिया और ओडी कक्ष में जबरन घुसकर आपराधिक षड्यंत्र के तहत पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई मारपीट एवं गाली गलौज की। हंगामे को बढ़ते देख अन्य पुलिसकर्मी भी पहुंचे और उन्हें समझाने का खूब प्रयास किया। लेकिन वह मारपीट करना शुरू कर दिए। जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण से बाहर होते देख आत्मरक्षार्थ साधारण बल प्रयोग कर मौके से नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

आज थानाध्यक्ष द्वारा युवक की पिटाई का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसकी पुष्टी news4nation नही करता है। नवलपुर के थानाध्यक्ष देवेन्द्र कुमार का एक वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि हाफ पैंट व टी-शर्ट पहने थानाध्यक्ष कुछ युवकों को डंडे से पीटते नजर आ रहे हैं। वीडियो मंगलवार की रात की बताई जाती है। वायरल वीडियो के संबंध में पूछने पर थानाध्यक्ष देवेन्द्र कुमार ने बताया कि मंगलवार की रात थाना में गिरफ्तार महिला को छुड़ाने आए उग्र लोगों के समूह में से एक युवक पर आत्मरक्षार्थ साधारण बल का प्रयोग किया गया है।

आशीष की रिपोर्ट