Bihar News : 'हम' ने भव्य बाबा अंबेडकर जयंती समारोह का किया आयोजन, जीतन राम मांझी और संतोष सुमन ने फूँका समान शिक्षा और एकजुटता का शंखनाद
Bihar News : हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा की ओर से पटना में बाबा साहेब की जयंती सामारोह का भव्य आयोजन किया गया. जिसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने किया......पढ़िए आगे
PATNA : पटना के श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में 'हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) की ओर से बाबा साहब भीम राव अंबेडकर की जयंती पर आयोजित भव्य समारोह ने राज्य की सियासत में एक नई लकीर खींच दी है। लगभग 10 हजार की ऐतिहासिक भीड़ के बीच पार्टी के संरक्षक जीतन राम मांझी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। समारोह की अध्यक्षता कर रहे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने इसे महज एक जयंती समारोह नहीं, बल्कि दलितों और वंचितों के आत्मसम्मान की लड़ाई का नया अध्याय बताया।
पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने अपने संबोधन में 'समान शिक्षा प्रणाली' की वकालत करते हुए कांशीराम के विचारों को दोहराया। उन्होंने जोर देकर कहा कि "चाहे राष्ट्रपति का बेटा हो या भंगी की संतान, सबको शिक्षा मिलनी चाहिए एक समान।" मांझी ने समाज को आगाह किया कि सामाजिक न्याय केवल भाषणों से नहीं बल्कि आपसी भेदभाव और छुआछूत जैसी कुरीतियों को जड़ से खत्म करने और राजनीतिक रूप से जागरूक होने से ही प्राप्त होगा। उन्होंने बाबा साहब की पुस्तक 'हू वेयर शुद्रा' का उल्लेख करते हुए कहा कि शिक्षा से वंचित रहना ही पिछड़ापन है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सुमन ने शिक्षा में व्याप्त असमानता को समाज की सबसे बड़ी जड़ बताते हुए संघर्ष का आह्वान किया। उन्होंने दलित समाज के भीतर मौजूद आंतरिक विभाजन पर गहरी चिंता जताई और छोटी-छोटी सामाजिक दीवारों को तोड़कर एकजुट होने की अपील की। डॉ. सुमन ने स्पष्ट किया कि विकास के ताले की चाबी राजनीति है, और जब तक वंचित वर्ग अपनी राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित नहीं करेगा, तब तक उसके अधिकारों की रक्षा संभव नहीं है।
इस अवसर पर डॉ. संतोष कुमार सुमन ने एक बड़े जमीनी अभियान की घोषणा करते हुए विपक्ष और सत्ता गलियारों में हलचल तेज कर दी है। उन्होंने ऐलान किया कि वे जल्द ही बिहार के हर जिले का दौरा करेंगे और 'गरीब चौपाल' का आयोजन करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य दलितों और वंचितों की समस्याओं को न केवल सुनना है, बल्कि मौके पर ही उनका समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने इसे एक वास्तविक जमीनी मिशन बताया जो समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय पहुँचाएगा।
कार्यक्रम का समापन एक सामूहिक शपथ के साथ हुआ, जिसमें पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के आदर्शों पर चलने और सामाजिक समरसता के लिए लड़ने का संकल्प लिया। मंच का संचालन राष्ट्रीय प्रधान महासचिव राजेश पांडेय और मुख्य प्रवक्ता श्यामसुंदर शरण ने किया, जबकि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार समेत कई विधायकों और वरिष्ठ नेताओं ने भी सभा को संबोधित किया। अंत में गीता पासवान द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ इस सफल और भीड़ भरे ऐतिहासिक कार्यक्रम का समापन हुआ।