पटना के दरियापुर भट्ठी में नए शहरी पीएचसी का स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने किया उद्घाटन, स्थानीय लोगों को मिलेगी बेहतर चिकित्सा सुविधा

राजधानी पटना के दरियापुर निवासियों को आज एक बड़ा तोहफा मिला। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने दरियापुर भट्ठी में नए शहरी पीएचसी का उद्घाटन किया। अब इस इलाके के लोगों को प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा उनके पास ही उपलब्ध हो गई है....

पटना के दरियापुर भट्ठी में नए शहरी पीएचसी का स्वास्थ्य मंत्र
पटना के दरियापुर भट्ठी में नए शहरी पीएचसी का स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने किया उद्घाटन- फोटो : देवांशु प्रभात

Patna : राजधानी पटना के वार्ड-38 स्थित दरियापुर भट्ठी में सोमवार को नए शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) का भव्य उद्घाटन स्वास्थ्य मंत्री निशांत द्वारा किया गया। इस गौरवमयी अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंत्री के आप्त सचिव कौशलेंद्र कुमार, स्थानीय वार्ड पार्षद सहित स्वास्थ्य विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। यह नया स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के हजारों स्थानीय नागरिकों को उनके घर के बेहद नजदीक बेहतर, आधुनिक और सुलभ प्राथमिक चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित कराएगा।


 तत्कालीन सीएम नीतीश कुमार ने किया था शिलान्यास

उल्लेखनीय है कि इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास 21 फरवरी 2025 को एनडीए के तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किया गया था। उद्घाटन के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने नवनिर्मित अस्पताल का विस्तृत निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि केंद्र में मरीजों की देखभाल के लिए दो एमबीबीएस डॉक्टर, पांच एएनएम, एक लैब तकनीशियन, एक फार्मासिस्ट और एक डाटा एंट्री ऑपरेटर की मुस्तैद तैनाती की गई है। वर्तमान में यहां दो बेड की बुनियादी व्यवस्था है, जिसे भविष्य में आवश्यकता के अनुसार और बढ़ाया जाएगा।


बिहार में बनेंगे 11 लेवल-3 और 5 लेवल-2 ट्रॉमा सेंटर

अस्पताल में दवाइयां, चिकित्सक और सभी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, जो स्थानीय लोगों को गुणवत्तापूर्ण इलाज देने में सक्षम होंगी। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य सरकार के बड़े संकल्प को दोहराते हुए कहा कि पूरे बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में चौतरफा कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में राज्य भर में 11 लेवल-3 ट्रॉमा सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जबकि बिहार के पूर्वी, पश्चिमी, उत्तरी, दक्षिणी और मध्य जोन को कवर करते हुए पाँच आधुनिक लेवल-2 ट्रॉमा सेंटर विकसित करने की योजना पर भी काम तेज कर दिया गया है।


एलएनजेपी अस्पताल में 400 नए बेड और 15 हजार सेंटरों पर कैमरों से होगी निगरानी

स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े बदलावों की जानकारी देते हुए मंत्री ने बताया कि एलएनजेपी अस्पताल में जल्द ही 400 बेड की नई सुविधा शुरू होने जा रही है, जहां विशेष रूप से ऑर्थोपेडिक एवं स्पोर्ट्स इंजरी सेंटर स्थापित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में डॉक्टरों तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की नियमित और समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए राज्य के लगभग 15 हजार सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में कैमरे लगाए जा रहे हैं। एक विशेष सॉफ्टवेयर के जरिए डॉक्टरों की उपस्थिति, ओपीडी, आईपीडी, सर्जरी और वार्ड राउंड की लाइव निगरानी सीधे पटना स्थित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से की जाएगी।


स्वास्थ्य विभाग में जल्द होंगी नई नियुक्तियां, जिला अस्पतालों का होगा कायाकल्प

अपने संबोधन के अंत में स्वास्थ्य मंत्री ने युवाओं और रोजगार के अवसर तलाश रहे प्रोफेशनल्स के लिए बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में खाली पड़े विभिन्न पदों को पारदर्शी तरीके से भरने के लिए जल्द ही नई नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके साथ ही, राज्य सरकार जिला अस्पतालों को सुपर स्पेशलिटी तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को स्पेशलिटी अस्पतालों के रूप में अपग्रेड करने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रही है, ताकि बिहार के आम लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख न करना पड़े और उन्हें अपने ही जिले में आधुनिक इलाज मिल सके।


देवांशु प्रभात की रिपोर्ट