Bihar News : वैशाली में आयोजित सहयोग शिविर का स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने किया उद्घाटन, लोगों की सुनीं समस्याएं
Bihar News : वैशाली में आयोजित सहयोग शिविर का जिले के प्रभारी मंत्री निशांत ने उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं
PATNA : वैशाली जिले के वैशाली प्रखंड अंतर्गत भागवतपुर पंचायत एवं महनार प्रखंड के करनौती पंचायत में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर का जिले के प्रभारी मंत्री सह स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने उद्घाटन किया। दोनों पंचायतों में आयोजित शिविर के दौरान माननीय मंत्री ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इस पहल के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आसानी से मिल रहा है। सहयोग शिविर की शुरुआत के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
इस दौरान शिविर में लाभुकों के बीच आयुष्मान कार्ड, एचपीवी (HPV) वैक्सीन प्रमाणपत्र, मनरेगा जॉब कार्ड, पोषण किट, लेबर कार्ड तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। साथ ही जीविका समूहों को सहायता राशि का चेक भी प्रदान किया गया। इसके पश्चात स्वास्थ्य मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल एवं काउंटरों का निरीक्षण कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इन शिविरों में कुल 48 विभागों की भागीदारी रही। राजस्व एवं भूमि सुधार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, आपूर्ति, विद्युत, कृषि, पंचायती राज, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण तथा कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों द्वारा आमजन को सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इस अवसर पर वैशाली विधायक सिद्धार्थ पटेल, राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति के अध्यक्ष सह महुआ विधायक उमेश सिंह कुशवाहा, जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह, पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग सहित अन्य प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।