Bihar News : स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने बाबा बैद्यनाथ और बासुकीनाथ धाम में की पूजा-अर्चना, कहा- 'हर घर में सुख, शांति और खुशहाली का हो वास'

Bihar News : सावन के पावन माह में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर एवं बाबा बासुकीनाथ धाम में विधिवत दर्शन-पूजन कर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया......पढ़िए आगे

Bihar News : स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने बाबा बैद्यनाथ और बास
निशांत ने की पूजा अर्चना - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : सावन के पवित्र महीने में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने विश्व प्रसिद्ध द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ धाम (देवघर) और प्रसिद्ध तीर्थस्थल बाबा बासुकीनाथ धाम (दुमका) में पहुँचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन-पूजन किए। उन्होंने दोनों पवित्र स्थलों पर विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मंदिर प्रशासन और स्थानीय प्रतिनिधियों द्वारा उनका स्वागत भी किया गया।

स्वास्थ्य मंत्री ने इस पावन अवसर पर देवाधिदेव महादेव से समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि सावन का यह पवित्र महीना भक्ति, साधना और लोक-कल्याण का प्रतीक है। बाबा भोलेनाथ का आशीर्वाद राज्य के हर नागरिक पर बना रहे और सभी के जीवन में खुशहाली आए, यही उनकी प्राथमिकता और प्रार्थना है।

पूजा-अर्चना के उपरांत मीडिया एवं श्रद्धालुओं से बात करते हुए उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ और बाबा बासुकीनाथ की कृपा से राज्य निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर रहे। उन्होंने प्रार्थना की कि हर घर में आरोग्य, सुख-समृद्धि और शांति का वास हो। साथ ही, उन्होंने सावन मेले के दौरान दूर-दराज से आने वाले लाखों कांवरियों और श्रद्धालुओं की सुविधा तथा स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ रखने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

धार्मिक यात्रा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने श्रद्धालुओं के लिए की गई स्वास्थ्य व्यवस्थाओं और एम्बुलेंस सेवाओं का जायजा भी लिया। उन्होंने कहा कि सावन के दौरान देवघर और बासुकीनाथ आने वाले कांवरियों को किसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी समस्या न हो, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से सतर्क और मुस्तैद है। जगह-जगह मेडिकल कैंप और चिकित्सकों की तैनाती की गई है। मंत्री के इस देवघर और बासुकीनाथ धाम दौरे से स्थानीय श्रद्धालुओं एवं समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया। दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने मंदिर प्रांगण में मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और सभी को सावन माह की शुभकामनाएं दीं। उनका यह धार्मिक दौरा प्रदेश की सुख-शांति और जन-कल्याण के संकल्प को दोहराने के साथ संपन्न हुआ।