तेजस्वी ने की दशरथ मांझी को भारत रत्न देने की मांग : राज्य सरकार पर जमकर बरसे, 19 को राजभवन मार्च का किया एलान
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने प्रदेश की एनडीए सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि राज्य में भ्रष्टाचार चरम पर है। घोटाले पर घोटाले हो रहे है और सरकार का इसपर कोई नियंत्रण नही है.....
Patna : बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने राज्य की एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला है। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार घोटाले हो रहे हैं और सरकार का इस पर कोई नियंत्रण नहीं है। तेजस्वी यादव ने कहा कि 21 वर्षों से अधिक के शासन के बावजूद वर्तमान सरकार भ्रष्टाचार को रोकने में पूरी तरह विफल रही है।
भ्रष्टाचार और पेपर लीक से राज्य की छवि प्रभावित
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार में सृजन घोटाला, डस्टबिन घोटाला और 77 हजार करोड़ रुपये के अनसुलझे हिसाब-किताब जैसे कई मामले सामने आ चुके हैं। उन्होंने कहा कि राज्य अब पेपर लीक का केंद्र बन चुका है, जिससे लाखों युवाओं और अभ्यर्थियों का भविष्य खतरे में पड़ गया है। सरकार दोषियों पर कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण दे रही है।
दशरथ मांझी के लिए भारत रत्न की मांग
महापुरुषों के सम्मान के मुद्दे पर बोलते हुए तेजस्वी यादव ने 'माउंटेन मैन' दशरथ मांझी को 'भारत रत्न' देने की पुरजोर मांग की। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी ने दशरथ मांझी के लिए श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया था और सरकार से मांग की है कि उनकी प्रतिमा स्थापित की जाए तथा पटना में एक भव्य स्मारक (स्मार्ट आश्रम) का निर्माण कराया जाए।
19 तारीख को राजभवन मार्च का एलान
युवाओं और छात्रों के मुद्दों को उठाते हुए विपक्ष के नेता ने घोषणा की कि वे 19 तारीख को विशाल 'राजभवन मार्च' निकालेंगे। इस मार्च में राज्य के पीड़ित नौजवानों, बेरोजगारों, विश्वविद्यालय और कोचिंग के छात्रों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह मार्च सरकार की जनविरोधी नीतियों और बेरोजगारी के खिलाफ जनता की आवाज को मजबूती देगा।
वित्तीय स्थिति और राज्य की दुर्दशा पर चिंता
तेजस्वी यादव ने बिहार की वित्तीय स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि लगातार हो रहे भ्रष्टाचार के कारण सरकारी खजाना खाली हो चुका है। आलम यह है कि कर्मचारियों को समय पर वेतन देने तक के लिए सरकार के पास पर्याप्त धन उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि बिहार की आम जनता के खून-पसीने की कमाई को भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ाया जा रहा है।
रंजन की रिपोर्ट