पटना में भारी बारिश और गंगा के बढ़े जलस्तर से सड़कों पर कई फीट पानी जमा, पुलिस ने जारी किया अलर्ट

पटना ट्रैफिक पुलिस ने शहर के पटेल गोलंबर से पटना एयरपोर्ट जाने वाले मुख्य मार्ग पर भारी जलजमाव के कारण ट्रैफिक एडवाईजरी जारी की है

Flood in Patna
Flood in Patna- फोटो : news4nation

Flood in Patna : राजधानी पटना में शनिवार सुबह से हो रही लगातार भारी बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है। सबसे ज्यादा असर पटेल गोलंबर से पटना एयरपोर्ट जाने वाले मुख्य मार्ग पर देखने को मिला, जहां सड़क पर कई फीट तक पानी जमा हो गया। जलजमाव के कारण यातायात प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 


पटना ट्रैफिक पुलिस ने एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को समय से पहले घर से निकलने की सलाह दी है, ताकि संभावित ट्रैफिक जाम से बचा जा सके। वहीं पटेल गोलंबर से एयरपोर्ट के बीच जलभराव वाले हिस्सों में वाहन चालकों से धीमी गति और अतिरिक्त सावधानी से वाहन चलाने को कहा गया है। मार्ग पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई है।


गंगा के उफान से बढ़ी मुश्किल

बारिश के बीच पटना में गंगा का बढ़ता जलस्तर भी चिंता का कारण बना हुआ है। गंगा के उफान के कारण नदी किनारे के कई इलाकों में पानी पहुंचने का खतरा बढ़ गया है। कुछ स्थानों पर नालियों के रास्ते गंगा का पानी शहर की ओर आने की स्थिति भी बनी हुई है। ऐसे में बारिश और गंगा के बढ़ते जलस्तर ने पटना के लिए दोहरी चुनौती खड़ी कर दी है।


जल संसाधन विभाग के अनुसार शनिवार सुबह 9 बजे पटना के गांधी घाट गेज स्थल पर गंगा का जलस्तर 50.51 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान से 1.91 मीटर ऊपर था। उस समय नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने की प्रवृत्ति में था और यह अपने उच्चतम जलस्तर (HFL) 50.52 मीटर के बेहद करीब पहुंच चुकी थी। इसके बाद सुबह करीब 10 बजे गंगा का जलस्तर 50.53 मीटर दर्ज किया गया। यानी नदी का पानी अब तक के उच्चतम जलस्तर (HFL) से भी ऊपर पहुंच गया है। विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों तक गंगा के जलस्तर में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रहने की संभावना है।


पांच विभागों ने की संयुक्त बैठक

गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बिहार सरकार के पांच विभागों ने शनिवार को समन्वय बैठक की। बैठक में उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के मंत्री संजय सिंह, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव और नगर विकास मंत्री नीतीश मिश्रा शामिल हुए। बैठक में राज्य में बाढ़ से निपटने की तैयारियों, राहत कार्यों और प्रभावित इलाकों में आम लोगों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की स्थिति की समीक्षा की गई।


बक्सर से भागलपुर तक गंगा उफान पर

बिहार में गंगा नदी कई स्थानों पर अपने उच्चतम स्तर के करीब या उससे ऊपर बह रही है। बक्सर से लेकर भागलपुर तक नदी के बढ़े जलस्तर के कारण कई रिहायशी और निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पानी बढ़ने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।


बाढ़ के पानी से खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचने की खबर है। कई निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जबकि प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविर भी शुरू किए गए हैं। लगातार बारिश और गंगा के जलस्तर में वृद्धि के कारण आने वाले दिनों में स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है।