हिसुआ प्रणव हत्याकांड: सांसद भीम सिंह ने DM-SP से की मुलाकात, निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग

राज्यसभा सांसद भीम सिंह मंगलवार को नवादा पहुंच जिले के चर्चित प्रणव हत्याकांड मामले को लेकर डीएम-एसपी से मिल सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया.....

हिसुआ प्रणव हत्याकांड: सांसद भीम सिंह ने DM-SP से की मुलाकात
हिसुआ प्रणव हत्याकांड को लेकर सांसद भीम सिंह ने DM-SP से की मुलाकात- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : राज्यसभा सांसद डॉ. भीम सिंह ने मंगलवार को नवादा पहुंचकर हिसुआ के चर्चित प्रणव चंद्रवंशी हत्याकांड के मामले में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। सांसद ने नवादा के जिलाधिकारी रवि प्रकाश और पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान से मुलाकात कर घटना की पूरी रिपोर्ट ली। उन्होंने अधिकारियों से मामले की बारीकी से जांच करने और मुख्य साजिशकर्ताओं व दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने को कहा।


"वास्तविक दोषी न बचें, पर कोई निर्दोष न फंसे": भीम सिंह 

प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बातचीत में सांसद ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे बेहद दुखद और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए, लेकिन जांच के दौरान यह भी सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि कोई बेगुनाह व्यक्ति प्रशासनिक फेरबदल या गलतफहमी में न फंसे। उन्होंने निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित जांच के जरिए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आग्रह किया।


पीड़ित परिवार के घर पहुंचे सांसद, दिया हरसंभव सहायता का आश्वासन 

अधिकारियों से वार्ता के बाद डॉ. भीम सिंह सीधे हिसुआ स्थित मृतक प्रणव चंद्रवंशी के घर पहुंचे। वहां उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिवार को ढांढस बंधाया। सांसद ने कहा कि इस कठिन समय में वे और उनका संगठन पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि न्याय की इस लड़ाई में वे प्रशासनिक स्तर से लेकर शासन तक हरसंभव मदद करेंगे।


चंद्रवंशी समाज और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद 

सांसद के इस सांत्वना दौरे के दौरान चंद्रवंशी समाज और पार्टी के कई वरिष्ठ प्रतिनिधि भी साथ रहे। इनमें मुख्य रूप से राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. पप्पू कुमार चंद्रवंशी, प्रदेश अध्यक्ष जीत कुमार, जिला अध्यक्ष चंदन कुमार चंद्रवंशी, डॉ. केपी चंद्रवंशी, प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धनाथ चंद्रवंशी, प्रदेश महामंत्री दिलीप चंद्रवंशी, प्रदेश मंत्री प्रो. डॉ. मिथिलेश कुमार निषाद, श्रवण कुमार चंद्रवंशी, विनोद कुमार चंद्रवंशी एवं अशोक चंद्रवंशी उपस्थित रहे।


मामले के स्पीडी ट्रायल और त्वरित न्याय की उठी मांग 

हिसुआ क्षेत्र में युवा की हत्या के बाद से ही स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। सांसद के दौरे और वरिष्ठ अधिकारियों से वार्ता के बाद इलाके में त्वरित न्याय की उम्मीद बढ़ी है। प्रतिनिधिमंडल ने मामले को स्पीडी ट्रायल के तहत चलाकर अपराधियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने की मांग की है, ताकि क्षेत्र में शांति और विश्वास का माहौल कायम रखा जा सके।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट