पटना बंटी हत्याकांड: अपहरण के बाद बर्बरता की हदें पार, सेक्स रैकेट के खिलाफ आवाज उठाने पर दी खौफनाक सजा

Patna Bunty Murder Case: पटना में सेक्स रैकेट का विरोध करने वाले 33 वर्षीय बंटी की अपहरण के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। 4 दिन बाद अथमलगोला क्षेत्र में फोरलेन के पास से उसका क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है।

Patna Bunty Murder Case body found athmalgola
लापता बंटी की हत्या, फोरलेन के पास मिट्टी में गड़ा मिला शव- फोटो : Reporter

पटना में सेक्स रैकेट का विरोध करने वाले 33 वर्षीय युवक बंटी की अपहरण के बाद बेरहमी से हत्या कर दी गई। सोमवार को न्यू करबिगहिया इलाके से लापता हुए बंटी का शव चार दिन बाद शनिवार को अथमलगोला थाना क्षेत्र से बरामद किया गया है। अथमलगोला के थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बंटी की हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि उसका शव फुलैलपुर बायपास से सटी सड़क के किनारे (पटना-बख्तियारपुर फोर लेन के पास) से मिला है, जिसकी पहचान परिजनों ने कर ली है।


क्रूरता की हदें पार: बर्बरता से पिटाई के बाद जमीन में गाड़ा शव

बरामदगी के वक्त शव की स्थिति बेहद वीभत्स और रूह कंपा देने वाली थी। हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए बंटी के शव का सिर और पैर मिट्टी में गाड़ रखा था। मृतक के शरीर पर केवल एक बनियान बची थी और शव पूरी तरह फूल चुका था। बंटी के शरीर के कई हिस्सों पर गहरे नीले निशान मिले हैं, जिससे यह साफ आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले उसे बेरहमी से पीटा गया था और तड़पा-तड़पा कर उसकी जान ली गई थी।

विरोध की कीमत: सेक्स रैकेट के खिलाफ आवाज उठाने पर हुआ था किडनैप

इस खौफनाक वारदात के पीछे की वजह बंटी द्वारा इलाके में चल रहे अनैतिक कार्यों का विरोध करना बताया जा रहा है। दरअसल, बंटी ने न्यू करबिगहिया क्षेत्र में सक्रिय सेक्स रैकेट के खिलाफ आवाज उठाई थी, जिससे नाराज होकर अपराधियों ने सोमवार को उसका अपहरण कर लिया था। घटना के तुरंत बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही थी, लेकिन चार दिनों तक पुलिस को उसका कोई सुराग नहीं मिल सका था।


पुलिस जांच तेज: हत्यारों की तलाश में जुटी टीमें

बंटी का शव मिलने के बाद से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा हुआ है और इलाके के लोगों में भारी आक्रोश है। अथमलगोला और जककनपूर/थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अब इस हत्याकांड में शामिल अपराधियों और सेक्स रैकेट के सिंडिकेट से जुड़े लोगों को चिन्हित करने के लिए तकनीकी अनुसंधान और स्थानीय इनपुट की मदद ले रही है ताकि बंटी के हत्यारों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे भेजा जा सके।

रिपोर्ट - रंजीत संग रविशंकर