Bihar Politics : ‘मैं नौवीं पास हूँ, फेल नहीं’, तेजस्वी का सम्राट चौधरी पर तीखा पलटवार, कहा सर्टिफिकेट की होनी चाहिए जांच

Bihar Politics : सम्राट चौधरी को एनडीए विधान मंडल दल का नेता चुने जाने के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तंज कसा है. उन्होंने उनकी डिग्री की जांच करने की मांग की है......पढ़िए आगे

Bihar Politics : ‘मैं नौवीं पास हूँ, फेल नहीं’, तेजस्वी का स
सम्राट चौधरी के डिग्री की मांग - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार की राजनीति में एक ओर जहाँ सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने की तैयारियां चल रही हैं, वहीं विपक्षी खेमे ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव ने सम्राट चौधरी की शैक्षणिक योग्यता और उनकी डिग्री पर गंभीर सवाल उठाए हैं। तेजस्वी ने सार्वजनिक मंच से कहा कि सत्ता में आने वाले लोगों के दावों और उनकी असलियत के बीच बड़ा अंतर है।

"सर्टिफिकेट की जांच होनी चाहिए"

तेजस्वी यादव ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए तंज भरे लहजे में कहा, "जो लोग मुख्यमंत्री बन रहे हैं, उनके सर्टिफिकेट की भी जांच होनी चाहिए।" उन्होंने आगे कहा कि अक्सर उन पर 'नौवीं फेल' होने का आरोप लगाया जाता है, लेकिन वह स्पष्ट करना चाहते हैं कि वह 'नौवीं पास' हैं और कभी फेल नहीं हुए। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि दूसरी ओर ऐसे लोग हैं जिनकी डिग्रियों का कोई अता-पता नहीं है और आने वाले समय में वे शायद कोई नई डिग्री भी पेश कर दें।

बिना परीक्षा प्रोफेसर बनने का आरोप

अपने संबोधन में तेजस्वी यादव ने प्रशासन और शैक्षणिक प्रणाली पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में अजीब स्थिति बनी हुई है। उन्होंने कहा, "बिना परीक्षा के लोग प्रोफेसर बन जा रहे हैं।" उनका इशारा सीधे तौर पर सत्ता पक्ष के नेताओं की ओर था। तेजस्वी ने कहा कि बिहार की जनता देख रही है कि सरकार कैसे चल रही है और यह किसी से छिपा नहीं है।

"हम सच्चे, वो झूठे"

राजद नेता ने खुद को और अपनी पार्टी को 'सच्चे लोगों' की जमात बताते हुए सत्ता पक्ष को 'झूठा' करार दिया। उन्होंने कहा कि उनके पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है, जबकि सत्ता के शीर्ष पर बैठने वाले लोग अपनी कमियों को छिपाने के लिए दूसरों पर उंगली उठाते हैं। तेजस्वी के इस बयान के बाद राज्य में डिग्री को लेकर एक नई सियासी जंग छिड़ने के आसार हैं।