Bihar News: पटना सिटी में अवैध LPG गैस भंडारण का भंडाफोड़, 32 सिलेंडर जब्त, आरोपी फरार

Bihar News: पटना सिटी इलाके में अवैध LPG गैस भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी में 32 सिलेंडर बरामद किए हैं। संयुक्त टीम की इस कार्रवाई के दौरान मकान मालिक मौके से फरार हो गया।

गैस सिलेंडर
32 गैस सिलेंडर बरामद - फोटो : reporter

Bihar News: राजधानी पटना के पटना सिटी इलाके में प्रशासन ने अवैध एपीजी गैस भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर मालसलामी थाना, अनुमंडल आपूर्ति पदाधिकारी और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी की संयुक्त टीम ने पूर्वी नंदगोला, मालसलामी क्षेत्र में एक भवन में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके से कुल 32 गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें 10 भरे हुए वाणिज्यिक सिलेंडर शामिल हैं। 

32 गैस सिलेंडर बरामद 

सभी सिलेंडर अवैध रूप से संग्रहित पाए गए। कार्रवाई के दौरान मकान मालिक मौके से फरार हो गया। प्रशासन ने जिलाधिकारी के निर्देश पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध गैस भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कई जिलों में छापेमारी जारी 

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि LPG गैस से संबंधित किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 24x7 हेल्पलाइन नंबर 0612-2219810 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके। गौरतलब हो कि, बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर अब तक 7 से अधिक जिलों (जैसे अररिया, सहरसा, बेगूसराय, और गोपालगंज) में छापेमारी कर 400 से अधिक सिलेंडर जब्त किए गए हैं और 21 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

सरकार की अपील

बिहार सरकार और जिला प्रशासन ने एलपीजी गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर साफ तौर पर विराम लगाया है। प्रशासन का कहना है कि मध्य पूर्व में जारी युद्ध के कारण आपूर्ति प्रभावित होने की खबरें भ्रामक हैं और राज्य में घरेलू उपयोग के लिए पर्याप्त गैस उपलब्ध है। पटना जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि गैस की कृत्रिम किल्लत पैदा करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अनावश्यक बुकिंग को रोकने के लिए OTP सिस्टम लागू किया गया है, ताकि जरूरतमंद उपभोक्ताओं तक गैस की आपूर्ति सुचारु रूप से हो सके।

पटना से वंदना की रिपोर्ट