आरा में 'इंडिया' गठबंधन का 'आक्रोश मार्च': मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका, चुनाव रद्द करने की मांग

आरा में 'इंडिया' गठबंधन का 'आक्रोश मार्च': मुख्य चुनाव आयुक्
आरा में 'इंडिया' गठबंधन का 'आक्रोश मार्च'- फोटो : आशीष श्रीवास्तव

Arah : चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता अधिकारों के हनन और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के मुद्दे को लेकर गुरुवार को भोजपुर (आरा) में 'इंडिया' (INDIA) गठबंधन की ओर से एक विशाल 'आक्रोश मार्च' निकाला गया। यह मार्च आरा रेलवे स्टेशन परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मुख्य मार्गों से गुजरता हुआ सभा स्थल पर समाप्त हुआ।


वीरबल यादव के नेतृत्व में एकजुट हुए कार्यकर्ता 

आक्रोश मार्च का नेतृत्व राजद भोजपुर जिलाध्यक्ष सह 'इंडिया' गठबंधन भोजपुर जिला समन्वय समिति के अध्यक्ष वीरबल यादव ने किया। मार्च में शामिल कार्यकर्ताओं ने "ज्ञानेश हटाओ, लोकतंत्र बचाओ" और "वोट हमारा-अधिकार हमारा" जैसे गगनभेदी नारे लगाए।


PM मोदी, अमित शाह और CEC ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला 

मार्च के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए राजद जिलाध्यक्ष वीरबल यादव ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता सबसे महत्वपूर्ण होती है, लेकिन वर्तमान में मतदाता अधिकारों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर फर्जी विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) करवाकर बड़े पैमाने पर वोट की चोरी की गई। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को तुरंत पद से हटाकर गिरफ्तार किया जाना चाहिए। बिहार में एसआईआर (SIR) के बाद हुए चुनावों को पूरी तरह से रद्द कर नए सिरे से निष्पक्ष चुनाव कराए जाएं।


पुतला दहन कर जताया कड़ा विरोध 

सभा के अंत में 'इंडिया' गठबंधन के कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। नेताओं ने हुंकार भरी कि जब तक मतदाता अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक भोजपुर से लेकर पूरे बिहार में यह जनांदोलन जारी रहेगा।


आशीष की रिपोर्ट