VB G RAM G scheme: 1 अप्रैल से लागू होगी VB G RAM G योजना, 125 दिन रोजगार की गारंटी

VB G RAM G scheme: सरकार की विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (VB G RAM G) योजना 1 अप्रैल 2026 से लागू होगी। मजदूरों को 125 दिन रोजगार और समय पर भुगतान की सुविधा मिलेगी।

VB G RAM G scheme
विकसित भारत गारंटी योजना- फोटो : social media

VB G RAM G scheme: भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (VB G RAM G) को वित्तीय वर्ष 2026-27 से लागू किया जाएगा। यह योजना 1 अप्रैल 2026 से शुरू होगी। योजना को जमीन पर उतारने से पहले जिला, प्रखंड और ग्राम पंचायत स्तर पर प्रशिक्षण और जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।

बुधवार को डीआरडीए कार्यालय में डीडीसी उपेंद्र सिंह ने योजना की जानकारी दी। इस मौके पर डीआरडीए निदेशक श्रीनिवास भी मौजूद थे। डीडीसी ने बताया कि इस योजना के तहत मजदूरों को अब 100 दिन की जगह 125 दिन रोजगार की गारंटी दी जाएगी। साथ ही मजदूरी का भुगतान भी समय पर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सभी प्रखंड के कार्यक्रम पदाधिकारियों (पीओ) को निर्देश दिया गया है कि प्रस्तावित योजनाओं की एंट्री युक्तधारा पोर्टल पर अनिवार्य रूप से की जाए। अब कोई भी योजना पोर्टल पर अपलोड किए बिना शुरू नहीं होगी। इससे गड़बड़ी और दोहराव को रोका जा सकेगा।

संसाधनों का बेहतर उपयोग

डीडीसी ने कहा कि इस योजना में कई बदलाव किए गए हैं। सभी कार्य विकसित भारत राष्ट्रीय ग्रामीण अवसंरचना का हिस्सा होंगे। इसमें गांवों में आधारभूत ढांचा मजबूत करना, जल संरक्षण, जलवायु बदलाव से निपटना और कृषि से जुड़े काम शामिल होंगे।

ग्राम पंचायत स्तर पर योजनाएं तैयार की जाएंगी और अलग-अलग विभागों के साथ मिलकर काम किया जाएगा। उदाहरण के तौर पर, अगर किसी तालाब की मरम्मत होती है तो उसके बाद मत्स्य विभाग के साथ मिलकर उसमें मछली पालन शुरू कराया जाएगा।

स्वरोजगार पर विशेष ध्यान

इस योजना में निजी और सार्वजनिक दोनों तरह की योजनाएं शामिल की गई हैं। निजी योजनाओं में पौधारोपण, वर्मी कंपोस्ट, खेत पोखरी, बकरी शेड और मुर्गी शेड जैसी योजनाएं होंगी। वहीं सार्वजनिक योजनाओं में पौधारोपण, चेकडैम, ग्रामीण हाट, सड़क निर्माण, आंगनबाड़ी केंद्र और तालाब निर्माण जैसी योजनाएं शामिल हैं।