बाढ़ के लाल ने यूपीएससी में गाड़ा झंडा: इस्तित्व आनंद ने 50वां स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम किया रौशन

पंडारक प्रखंड के ढीवर गांव के रहने वाले इस्तित्व आनंद ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में देश भर में 50वां स्थान प्राप्त किया है। अपनी सफलता से उन्होंने न सिर्फ अपने माता-पिता का सपना पूरा किया, बल्कि पूरे बिहार का नाम रौशन किया है।

बाढ़ के लाल ने यूपीएससी में गाड़ा झंडा: इस्तित्व आनंद ने 50व

Patna/Badh - : बिहार की मिट्टी ने एक बार फिर देश को एक होनहार अधिकारी दिया है। बाढ़ अनुमंडल के पंडारक प्रखंड स्थित ढीवर गांव के निवासी इस्तित्व आनंद ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में 50वां रैंक प्राप्त कर न केवल अपने माता-पिता का, बल्कि पूरे अनुमंडल का मान बढ़ाया है।

शिक्षा और संघर्ष का सफर

इस्तित्व आनंद की सफलता के पीछे उनकी कड़ी मेहनत और एक सुनियोजित शैक्षणिक पृष्ठभूमि रही है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा मसूरी से पूरी की, जिसके बाद इंटरमीडिएट की पढ़ाई के लिए वे दिल्ली चले गए। ग्रेजुएशन की डिग्री उन्होंने दिल्ली के प्रतिष्ठित किरोड़ीमल कॉलेज से हासिल की।

अपने पहले प्रयास में वे प्रीलिम्स, मेंस और इंटरव्यू तक पहुंचे थे, लेकिन अंतिम सफलता हाथ नहीं लगी थी। हार न मानते हुए, इस्तित्व ने अपनी कमियों पर काम किया और दूसरे प्रयास में देशभर में 50वां स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

माता-पिता की आँखों में खुशी के आँसू

इस्तित्व के पिता राजेश कुमार वर्तमान में पोस्ट मास्टर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने गर्व के साथ बताया: 

"हमें पहले से ही पूर्ण विश्वास था कि हमारा बच्चा सफल होगा। बचपन से ही वह काफी मेधावी और लगनशील रहा है। मैंने दो महीने पहले ही उसे लिख कर भेज दिया था कि तुम टॉप 50 में आओगे। आज उसका परिश्रम और ईश्वर का आशीर्वाद फलीभूत हुआ।"

वहीं, उनकी माँ अनमोल कुमारी, जो रेलवे सुरक्षा बल (RPF) में ASI के पद पर दीन दयाल उपाध्याय स्टेशन पर तैनात हैं, अपनी खुशी रोक नहीं पाईं। इस्तित्व की दादी ने भी उनके बचपन के किस्से साझा करते हुए बताया कि उन्हें घर का बना "आलू का भुजिया" बहुत पसंद है और वे अक्सर इसकी फरमाइश करते रहते हैं।

ग्रामीणों में जश्न का माहौल

इस्तित्व आनंद के आईएएस (IAS) बनने की खबर जैसे ही ढीवर गांव पहुंची, पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर और मिठाइयां बांटकर इस ऐतिहासिक सफलता का जश्न मनाया। लोगों का कहना है कि इस्तित्व ने क्षेत्र के युवाओं के लिए एक नई प्रेरणा पेश की है।

बाढ़ (रविशंकर कुमार) की रिपोर्ट