बिहार पुलिस में कई IPS अधिकारियों का तबादला, पटना के बाढ़ के ASP भी बदले, लखीसराय-नवगछिया में नए SP
पूर्वी चंपारण से नियुक्त वर्ष 2022 बैच के अधिकारी आनंद कुमार सिंह को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1, बाढ़ (पटना) से हटाकर पुलिस उपाधीक्षक, उच्च न्यायालय सुरक्षा, पटना के पद पर पदस्थापित किया गया है।
IPS officers transferred in Bihar : बिहार सरकार के गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने 18 मार्च 2026 को पुलिस अधिकारियों के तबादले को लेकर नई अधिसूचना जारी की है। इस आदेश के तहत पटना जिले के बाढ़ के एएसपी सहित एक अन्य अधिकारी का तबादला किया गया है. जारी अधिसूचना के अनुसार पश्चिमी चंपारण से नियुक्त वर्ष 2018 बैच के अधिकारी राम कृष्ण को पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम), कटिहार से स्थानांतरित कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1, बाढ़ (पटना) बनाया गया है।
पूर्वी चंपारण से नियुक्त वर्ष 2022 बैच के अधिकारी आनंद कुमार सिंह को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1, बाढ़ (पटना) से हटाकर पुलिस उपाधीक्षक, उच्च न्यायालय सुरक्षा, पटना के पद पर पदस्थापित किया गया है। इसके अलावा, पुलिस उपाधीक्षक, उच्च न्यायालय सुरक्षा, पटना के पद पर कार्यरत विनोद राम को अगले आदेश तक बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना में योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

इसके अतिरिक्त एक अन्य आदेश के अनुसार भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारियों के तबादले को लेकर अधिसूचना जारी की है। इसमें वर्ष 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय कुमार पाण्डेय को पुलिस उप-महानिरीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, बिहार पटना से स्थानांतरित कर पुलिस उप-महानिरीक्षक, मद्य निषेध एवं एएनटीएफ, बिहार पटना बनाया गया है। वर्ष 2018 बैच की आईपीएस अधिकारी प्रेरणा कुमार को पुलिस अधीक्षक, नवगछिया से हटाकर पुलिस अधीक्षक, लखीसराय के पद पर पदस्थापित किया गया है।

वर्ष 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी राजेश कुमार को पुलिस अधीक्षक, मद्य निषेध एवं राज्य सम्पर्क नियंत्रण ब्यूरो, बिहार पटना से स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक, नवगछिया बनाया गया है। वर्ष 2019 बैच के आईपीएस अधिकारी अवधेश दीक्षित को पुलिस अधीक्षक, लखीसराय से हटाकर पुलिस अधीक्षक (कार्मिक-1), बिहार पुलिस मुख्यालय, पटना में नई जिम्मेदारी दी गई है।
गृह विभाग ने निर्देश दिया है कि सभी अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापन पर योगदान दें।