IPS सुषमा सागर का 'लेडी सिंघम' अवतार: गौरीचक में धधकती भट्ठियां ध्वस्त, 1000 लीटर कच्चा माल नष्ट

भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी एवं गौरीचक थाना अध्यक्ष सुषमा सागर के नेतृत्व में गौरीचक क्षेत्र में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 65 लीटर देशी शराब और 1000 लीटर अर्धनिर्मित शराब नष्ट

IPS सुषमा सागर का 'लेडी सिंघम' अवतार: गौरीचक में धधकती भट्ठि
IPS सुषमा सागर का 'लेडी सिंघम' अवतार: गौरीचक में धधकती भट्ठियां ध्वस्त, 1000 लीटर कच्चा माल नष्ट - फोटो : news 4 nation

बिहार में शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू करने के लिए पटना पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में गौरीचक थाना की नवनियुक्त थाना अध्यक्ष और प्रशिक्षणाधीन आईपीएस अधिकारी सुषमा सागर के नेतृत्व में पुलिस बल ने क्षेत्र के कई गांवों में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर पूरी तरह अंकुश लगाना है।

चार गांवों में पुलिस की एक साथ छापेमारी

गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस की विशेष टीम ने मुस्तफापुर, उड़ान टोला, छोटी सपहुंआ और खैरा गांव में एक साथ दबिश दी। पुलिस की इस अचानक कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया और कई धंधेबाज मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने इन गांवों के संदिग्ध ठिकानों, नालों और पोखरों के किनारों पर गहन तलाशी अभियान चलाया, जहां चोरी-छिपे शराब बनाई जा रही थी।

1000 लीटर कच्ची शराब की गई नष्ट

छापेमारी के दौरान पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। टीम ने मौके से लगभग 65 लीटर तैयार चुलाई शराब बरामद की। इसके अलावा, शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 1000 लीटर अर्धनिर्मित 'छोवा' भी बरामद हुआ, जिसे पुलिस ने तुरंत नष्ट कर दिया। साथ ही, शराब बनाने के लिए संचालित की जा रही अवैध भट्ठियों को भी पुलिस ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

शराब तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

पुलिस ने इस मामले में अज्ञात शराब तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फरार आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस स्थानीय स्तर पर साक्ष्य जुटा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। थाना अध्यक्ष सुषमा सागर ने स्पष्ट किया कि शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और क्षेत्र में निगरानी और बढ़ा दी गई है।

जनता से सहयोग की अपील

प्रशासन ने समाज में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ाने और शराब मुक्त बिहार के संकल्प को पूरा करने के लिए आम जनता से सहयोग मांगा है। पुलिस अधिकारियों ने अपील की है कि यदि किसी भी नागरिक को अवैध शराब के निर्माण या तस्करी की जानकारी मिलती है, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें। थाना अध्यक्ष ने दोहराया कि इस तरह के विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।