सुपौल में आस्था पर प्रहार: प्रसिद्ध मां राजेश्वरी मंदिर से सवा किलो सोना और 4 किलो चांदी पार, इलाके में भारी आक्रोश

सुपौल के तमुवा स्थित ऐतिहासिक मां राजेश्वरी भगवती मंदिर में बुधवार की रात शातिर चोरों ने धावा बोलकर करोड़ों के जेवरात उड़ा लिए। घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में पुलिस के खिलाफ गहरा गुस्सा है।

सुपौल में आस्था पर प्रहार: प्रसिद्ध मां राजेश्वरी मंदिर से स
प्रसिद्ध मां राजेश्वरी मंदिर से करोड़ों के गहने चोरी।- फोटो : न्यूज4नेशन

Supaul  - सुपौल जिले के राजेश्वरी थाना क्षेत्र अंतर्गत तमुवा स्थित मां राजेश्वरी भगवती मंदिर में बुधवार की देर रात चोरों ने बड़ी दुस्साहसपूर्ण घटना को अंजाम दिया। चोरों ने बड़ी चालाकी से मंदिर के ग्रिल और मुख्य दरवाजे का ताला काटा और अंदर प्रवेश कर गए। मंदिर के पुजारी रिंकू झा के अनुसार, चोरों ने मां की पिंडी पर सजी सोने-चांदी की झांप, माता के कपड़ों पर लगी कीमती टिकली और चढ़ावे में आए अन्य आभूषण समेट लिए। बताया जा रहा है कि चोर अपने साथ लगभग सवा किलो सोना और चार किलो चांदी ले गए हैं।

सुबह मंदिर खुलते ही मचा हड़कंप


चोरी की इस सनसनीखेज वारदात का पता गुरुवार की सुबह तब चला जब मंदिर के पट पूजा-अर्चना के लिए खोले गए। मंदिर के अंदर का नजारा देख पुजारी और श्रद्धालु दंग रह गए; सामान बिखरा पड़ा था और ताले टूटे हुए थे। खबर फैलते ही मंदिर परिसर में हजारों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लोगों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि धार्मिक स्थलों पर भी अब सुरक्षा भगवान भरोसे है। घटनास्थल की स्थिति को देखकर पुलिस इसे एक सुनियोजित और रेकी कर की गई चोरी मान रही है।

हर 4-5 साल में मंदिर बनता है निशाना


स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पहली बार नहीं है जब मां राजेश्वरी के दरबार में चोरी हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, लगभग हर चार-पांच साल के अंतराल पर इस मंदिर को निशाना बनाया जाता रहा है। इससे पहले भी दो बार बड़ी चोरियां हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई। बार-बार हो रही इन घटनाओं ने श्रद्धालुओं के मन में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है, जिसके कारण लोग अब सड़क पर उतरने की चेतावनी दे रहे हैं।

एसपी और डीएसपी ने संभाली जांच की कमान

मामले की गंभीरता को देखते हुए सुपौल के पुलिस अधीक्षक (SP) शरथ आरएस और त्रिवेणीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। थानाध्यक्ष को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि आसपास के रास्तों और संदिग्धों की गहनता से जांच की जाए। एसपी ने आक्रोशित ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पुलिस के पास कुछ महत्वपूर्ण सुराग हैं और जल्द ही चोरों को सलाखों के पीछे भेजकर चोरी किए गए आभूषण बरामद कर लिए जाएंगे।

सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग

इस घटना ने जिले के अन्य मंदिरों की सुरक्षा पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि प्रसिद्ध मंदिरों में सीसीटीवी कैमरों और पुलिस गश्त की स्थायी व्यवस्था होनी चाहिए। फिलहाल, मंदिर के पास पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, लेकिन स्थानीय लोग तब तक शांत होने को तैयार नहीं हैं जब तक मां के आभूषण वापस नहीं मिल जाते।

Report - vinay kumar mishra