ईशान किशन बिहार नहीं रांची में बना रहे आशियाना, धोनी के पड़ोस में बनेगी लग्जरी बिल्डिंग, ऐसा होगा 11 मंजिला घर

ईशान किशन के इस प्रोजेक्ट के दो फ्लोर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए होंगे, जबकि आठ फ्लोर में आवासीय फ्लैट बनाए जाएंगे।

Ishan Kishan
Ishan Kishan- फोटो : news4nation

Ishan Kishan : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन अब पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के पड़ोसी बनने जा रहे हैं। झारखंड की राजधानी रांची में ईशान किशन के नए लग्जरी आवासीय प्रोजेक्ट की तैयारी तेज हो गई है। रांची क्षेत्रीय विकास प्राधिकरण (आरआरडीए) ने उनके बहुमंजिला भवन के नक्शे को मंजूरी दे दी है। खास बात यह है कि यह प्रोजेक्ट धोनी के घर से महज करीब 300 मीटर की दूरी पर बनाया जाएगा। यानी अब बिहार के ईशान किशन का ठिकाना रांची हो जाएगा। 


आधुनिक सुविधाओं से लैस

रांची के नगड़ी अंचल स्थित मौजा दलादली में खाता संख्या-1 और प्लॉट संख्या-515 की 75 डिसमिल जमीन पर यह आधुनिक बिल्डिंग बनाई जाएगी। रिंग रोड के किनारे स्थित इस जमीन पर जी प्लस 10 तल्ला भवन निर्माण की अनुमति दी गई है। जानकारी के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट के दो फ्लोर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए होंगे, जबकि आठ फ्लोर में आवासीय फ्लैट बनाए जाएंगे। ईशान किशन के पिता प्रणव कुमार पांडे ने बताया कि यह प्रोजेक्ट आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह ईशान का ड्रीम प्रोजेक्ट है, जिसे बेहद आधुनिक तरीके से विकसित किया जाएगा।


लग्जरी सोसाइटी

इस लग्जरी सोसाइटी में रहने वालों के लिए कई विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रोजेक्ट में प्ले ग्राउंड, इंडोर गेम्स एरिया, स्विमिंग पूल, जिम, गेस्ट हाउस, कम्युनिटी हॉल, गार्डन, सैलून-पार्लर, मेडिकल स्टोर और डिपार्टमेंटल स्टोर जैसी सुविधाएं होंगी। पूरे परिसर में ओपन स्पेस को अधिक रखने पर जोर दिया गया है, ताकि लोगों को खुला और बेहतर वातावरण मिल सके। वहीं, बिल्डिंग के फ्रंट लुक को आकर्षक बनाने के लिए सामने का सेटबैक भी अधिक रखा गया है। 


प्रीमियम रिहायशी परियोजना

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ग्राउंड फ्लोर और दो अन्य तल्लों पर कार्यालय और शो-रूम बनाए जाएंगे। इसके अलावा आवासीय हिस्से को हाई-एंड सुविधाओं के साथ तैयार किया जाएगा। इस जमीन पर केवल एक ब्लॉक का निर्माण होगा, लेकिन सुविधाओं के मामले में इसे प्रीमियम रिहायशी परियोजनाओं की श्रेणी में रखा जा रहा है।


2022 में भूमि पूजन

ईशान किशन ने दिसंबर 2022 में इस जमीन पर भूमि पूजन किया था। उसी दौरान उन्होंने “शगुन ईशान इंफ्रा” नाम से एक इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी की भी शुरुआत की थी। इसी कंपनी के जरिए इस पूरे प्रोजेक्ट को विकसित किया जा रहा है। भूमि पूजन के समय से ही यह चर्चा शुरू हो गई थी कि ईशान अब महेंद्र सिंह धोनी के पड़ोसी बनने वाले हैं।

बिहार से झारखंड का सफर

हालांकि ईशान किशन लंबे समय से झारखंड क्रिकेट से जुड़े रहे हैं, लेकिन उनका मूल संबंध बिहार से है। उनका परिवार बिहार के नवादा जिले से आता है और परिवार लंबे समय तक पटना में रहा है। ईशान ने भी अपने शुरुआती दिनों में बिहार और पटना से गहरा जुड़ाव रखा। आज अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाने के बाद भी बिहार से उनका रिश्ता कायम है। रांची में बनने जा रहा यह प्रोजेक्ट न सिर्फ ईशान किशन के सपनों का घर होगा, बल्कि शहर के सबसे चर्चित लग्जरी रिहायशी प्रोजेक्ट्स में भी शामिल माना जा रहा है।