जहानाबाद का टॉप-10 वांछित अपराधी गिरफ्तार, एसटीएफ और जिला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर दबोचा
बिहार एसटीएफ को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ ने जहानाबाद पुलिस के साथ संयुक्त रुप से कार्रवाई कर जिले के टॉप-10 अपराधियों मे शामिल रंजीत कुमार उर्फ बबलू को गिरफ्तार कर लिया है.....
Patna : बिहार एसटीएफ (STF) की विशेष टीम और जहानाबाद जिला पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए जहानाबाद जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल रंजीत कुमार उर्फ बबलू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने टेहटा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर उसे दबोचा।
टोलकर्मी से रंगदारी, मारपीट और पुलिस टीम पर हमले का है आरोपी
पुलिस मुख्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त रंजीत कुमार उर्फ बबलू (पिता: नरेश यादव), ग्राम- उमराईबिघा, थाना- टेहटा, जिला- जहानाबाद का रहने वाला है। उसने जहानाबाद जिले के टेहटा थाना क्षेत्र स्थित देवकुली टोल प्लाजा पर टोलकर्मी के साथ मारपीट कर रंगदारी की मांग की थी। घटना की सूचना पाकर जब टेहटा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, तो उसने और उसके साथियों ने पुलिसकर्मियों पर भी जानलेवा हमला कर दिया था।
कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
इस घटना के संबंध में टेहटा (जहानाबाद) थाने में कांड संख्या 323/26 (दिनांक 14.04.2026) दर्ज की गई थी। अभियुक्त के खिलाफ बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं—190, 191(1), 191(2), 191(3), 126(2), 115(2), 109, 352, 351(2), 308(2) एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज थी।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ जहानाबाद के टेहटा थाने में रंगदारी, हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) और आर्म्स एक्ट से संबंधित 02 मामले दर्ज हैं।
अनिल की रिपोर्ट