Bihar Politics: क्या निखिल मंडल के सहारे कोसी के यादवों को साधेगी जदयू? राष्ट्रीय जिम्मेदारी देकर चला ये बड़ा सियासी दांव!

Bihar Politics: जनता दल यूनाइटेड ने अपने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए बिहार की सियासत में सक्रिय निखिल मंडल को राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। ...

Nikhil Mandal
जदयू का बड़ा सियासी दांव!- फोटो : X

Bihar Politics: जनता दल यूनाइटेड  ने अपने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए बिहार की सियासत में सक्रिय निखिल मंडल को राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। उनके साथ विधायक कोमल सिंह और शालिनी पटेल को भी राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट नियुक्त किया गया है। वहीं, राजीव रंजन प्रसाद को राष्ट्रीय महासचिव के साथ राष्ट्रीय प्रवक्ता और मीडिया प्रकोष्ठ के प्रमुख का दायित्व दिया गया है। पार्टी के इस फैसले को महज संगठनात्मक बदलाव नहीं, बल्कि सामाजिक समीकरण और राष्ट्रीय राजनीतिक विमर्श को साधने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है।

निखिल मंडल की नियुक्ति के पीछे उनकी राजनीतिक विरासत भी अहम मानी जा रही है। वह बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और मंडल आयोग के अध्यक्ष रहे बी.पी. मंडल के पोते हैं। बी.पी. मंडल ने देश की राजनीति में सामाजिक न्याय और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की लड़ाई को नई दिशा दी थी। ऐसे में उनके परिवार की नई पीढ़ी के चेहरे को राष्ट्रीय मंच पर आगे लाकर जदयू मंडल राजनीति की अपनी विरासत को धार देने की कोशिश कर रही है। पार्टी को उम्मीद है कि निखिल मंडल राष्ट्रीय टीवी चैनलों और दूसरे मीडिया मंचों पर सामाजिक न्याय, पिछड़ों के अधिकार और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजनीतिक विजन को मजबूती से रखेंगे।

निखिल मंडल की संगठनात्मक पृष्ठभूमि भी इस जिम्मेदारी के लिहाज से अहम है। वह वर्ष 2016 से 2022 तक छह साल से अधिक समय तक जदयू के प्रदेश प्रवक्ता रह चुके हैं। इस दौरान विपक्ष पर उनके तीखे हमले और बेबाक अंदाज ने उन्हें अलग पहचान दिलाई। सितंबर 2022 में प्रदेश प्रवक्ता पद से इस्तीफा देने और 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी नेतृत्व के प्रति नाराजगी जाहिर करने के बाद उनकी यह वापसी सियासी तौर पर खास मायने रखती है। इससे संकेत मिलता है कि पार्टी नेतृत्व ने कथित पुराने मतभेदों को पीछे छोड़कर उनके अनुभव को फिर संगठन की मुख्यधारा में जगह दी है।

इस नियुक्ति का एक बड़ा राजनीतिक पहलू कोसी क्षेत्र का जातीय और सामाजिक समीकरण भी है। जदयू में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव और नरेंद्र नारायण यादव, दिनेश यादव जैसे कद्दावर नेता इस इलाके में प्रभाव रखते हैं। वहीं, मधेपुरा में निखिल मंडल का अपना जनाधार और यादव समाज के बीच पहचान है। मंडल आयोग के अध्यक्ष बी.पी. मंडल का पारिवारिक रिश्ता भी उन्हें सामाजिक न्याय की राजनीति से जोड़ता है।ऐसे में पार्टी ने निखिल को जिम्मेवारी दे कर दूसरी पंक्ति के नेतृत्व को खड़ा करना शुरु कर दिया है।

ऐसे में निखिल मंडल को राष्ट्रीय जिम्मेदारी देकर जदयू ने एक तीर से कई निशाने साधने की कोशिश की है। पार्टी को युवा और आक्रामक मीडिया चेहरा मिलने के साथ कोसी के यादव मतदाताओं तक राजनीतिक संदेश पहुंचाने का अवसर भी मिलेगा। अब देखना होगा कि राष्ट्रीय मंच पर निखिल मंडल की सक्रियता जदयू की सियासी रणनीति को कितनी मजबूती देती है।